बड़ी खबर LIVE: संघर्ष विराम प्रस्तावों पर ईरान ने रखी अपनी शर्तें, अमेरिका को संदेश- धमकियों के बीच बातचीत संभव नहीं
ईरान ने कहा कि अमेरिका की ओर से पहले पेश की गई "15 सूत्रीय योजना" को ईरान ने खारिज कर दिया है, क्योंकि वह बहुत ज्यादा और असंतुलित थी। तेहरान ने अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर शर्तें तैयार कर ली हैं। ईरान ने कहा कि धमकियों के बीच बातचीत संभव नहीं।

एनसीपी गुटों के विलय पर अभी कोई बातचीत नहीं : शरद पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के विलय पर नये सिरे से कोई विचार विमर्श नहीं हो रहा है। एनसीपी (शप) प्रमुख ने नयी दिल्ली में दोहराया कि इस मुद्दे पर अतीत में एनसीपी प्रमुख रहे उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार और एनसीपी (एसपी) नेता जयंत पाटिल के बीच चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान में एनसीपी के दोनों गुटों के किसी भी विलय को लेकर कोई नयी वार्ता नहीं चल रही है।’’
ट्रंप का दावा- हमने ईरान में पूरी तरह से शासन बदल दिया है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर दावा किया कि युद्ध बहुत जल्दी खत्म हो सकता है। उन्हें कुछ चीजें करनी होंगी। वे यह जानते हैं। मुझे लगता है, वे अच्छी नीयत से बातचीत कर रहे हैं। हमने पूरी तरह से शासन बदल दिया है। वहां के लोग अब पहले और दूसरे फेज के पागलों से कहीं ज़्यादा समझदार हैं। वे पागल थे। ईरान की तरफ से अब हम जिन लोगों से बातचीत कर रहे हैं, वे कहीं ज़्यादा समझदार हैं। आप इसे जो चाहें कह सकते हैं, लेकिन मैं इसे शासन बदलना कहता हूं, और मुझे लगता है कि ज़्यादातर लोग इसका क्रेडिट हमें दे रहे हैं। पहला शासन खत्म कर दिया गया, दूसरा शासन खत्म कर दिया गया। अब, जिन तीसरे ग्रुप के लोगों से हम डील कर रहे हैं, वे उतने रेडिकलाइज़्ड नहीं हैं, और हमें लगता है कि वे असल में ज़्यादा स्मार्ट हैं।
कांग्रेस का कटाक्ष- पता है कि नोटिस स्वीकार करने पर धनखड़ के साथ क्या हुआ था
कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के नोटिस को संसद के दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों द्वारा अस्वीकार किए जाने के बाद सोमवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि यह पता है कि विपक्षी सदस्यों के नोटिस को स्वीकार करने पर राज्यसभा के पिछले सभापति जगदीप धनखड़ के साथ क्या हुआ था। धनखड़ ने पिछले साल मानसून सत्र के दौरान स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।
कानपुर के फल मंडी में भीषण आग लगी
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव खारिज किया
पीएम मोदी और केरल के सीएम पिनाराई विजयन कायर हैंः प्रियंका गांधी
महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, "अगर प्रधानमंत्री चाहते थे कि सभी पार्टियां एक साथ आएं और बात करें, तो उन्हें उनसे इस मामले पर चर्चा करनी चाहिए थी। किसी को कुछ नहीं पता। लोकतंत्र में चर्चा ज़रूरी है...पीएम मोदी और केरल के सीएम पिनाराई विजयन कायर हैं, मैंने यह पहले भी कहा है।"
बंगाल में न्यायाधिकरणों ने शुरू की सुनवाई, सूची में नाम जुड़वाने के लिये मतदाता कतारों में
पश्चिम बंगाल में सोमवार सुबह से ही ऐसे हजारों लोग, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए थे, न्यायिक अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। राज्य में एसआईआर के बाद ‘विचाराधीन’ मतदाताओं की अपीलों के निपटारे के लिए न्यायाधिकरणों ने सुनवाई शुरू कर दी है।
पहले चरण में मतदान वाले 152 निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं के संबंध में निर्णय के लिए सोमवार अंतिम दिन है। ऐसे मतदाताओं के लिए, समीक्षा प्रक्रिया के दौरान उनकी प्रारंभिक अपीलें खारिज होने के बाद न्यायाधिकरण ही अंतिम उपाय है।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि हालांकि मतदाता सूची को आधी रात तक “अंतिम रूप” दिया जाएगा, लेकिन जो लोग सूची में शामिल नहीं हो पाएंगे वे 22 अप्रैल तक न्यायाधिकरणों से संपर्क कर सकते हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची से जिनके नाम हटा दिए गए थे, उन लगभग 23 लाख लोगों के बारे में फैसला न्यायाधिकरणों द्वारा किया जाएगा।
समाजवादी सरकार बनने जा रही, इसलिए भाजपाई घबराए हुए हैं: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को दावा किया कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी सरकार बनने जा रही है, इसलिए ‘भाजपाई’ घबराये हुए हैं। अखिलेश यादव ने एक कार्यक्रम में कहा कि ‘‘संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की जिम्मेदारी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की है।’’
नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री को रिहा करने का आदेश दिया
नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को रिहा करने का आदेश दिया है। उन्हें सितंबर में हुए Gen Z विरोध प्रदर्शनों को कथित तौर पर दबाने से जुड़े एक मामले में 28 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।
IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीता, पंजाब किंग्स के खिलाफ बल्लेबाजी करने का फैसला किया
संघर्ष विराम प्रस्तावों पर ईरान ने रखी अपनी शर्तें, अमेरिका को संदेश- धमकियों के बीच बातचीत संभव नहीं
ईरान ने हालिया संघर्ष विराम प्रस्तावों पर अपनी स्थिति और मांगें स्पष्ट कर दी हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि अमेरिका की ओर से पहले पेश की गई "15 सूत्रीय योजना" को ईरान ने खारिज कर दिया है, क्योंकि वह उसकी नजर में "बहुत ज्यादा और असंतुलित थी। उन्होंने कहा कि तेहरान ने अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर शर्तें तैयार कर ली हैं। बघाई ने स्पष्ट किया कि अल्टीमेटम और युद्ध अपराधों की धमकियों के साथ बातचीत एक-दूसरे के साथ मेल नहीं खाती हैं।
मीडिया ब्रीफिंग में बघाई ने कहा कि ईरान किसी भी प्रकार के दबाव में आकर वार्ता नहीं करेगा और उसकी प्राथमिकता अपने रणनीतिक हितों की रक्षा करना है। प्रवक्ता ने यह भी बताया कि संयुक्त राज्य अमेरिका की इन मांगों को तेहरान ने अपने हितों के खिलाफ बताया है। बघाई ने कहा, "ईरान अपने वैध अधिकारों और मांगों को स्पष्ट रूप से रखने में हिचकिचाता नहीं है। इसे किसी तरह की नरमी या समझौते के संकेत के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह अपने रुख के प्रति उसके आत्मविश्वास को दर्शाता है।"
ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप की उन धमकियों की सख्त निंदा की, जिनमें उन्होंने उसके बिजली घर और पुल जैसे बुनियादी ढांचों पर हमला करने की बात कही है। बघाई ने इसे "युद्ध अपराध" बताया। उन्होंने कहा, "इस तरह की धमकियां अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ हैं। किसी देश की बुनियादी इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना गलत है।" चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर कोई दूसरा देश अमेरिका का साथ देकर ऐसे हमलों में मदद करता है, तो उसे भी जिम्मेदार माना जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट ने NIA को बंगाल के मालदा में हुई घटना की जांच अपने हाथ में लेने का आदेश दिया
उच्चतम न्यायालय ने अनुच्छेद-142 के तहत प्रदत्त शक्ति का इस्तेमाल करते हुए एनआईए को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों के घेराव से जुड़े मामले की जांच अपने हाथ में लेने का आदेश दिया। उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल पुलिस को मालदा में एसआईआर के काम में शामिल न्यायिक अधिकारियों के घेराव से जुड़े मामले के रिकॉर्ड एनआईए को सौंपने का निर्देश दिया; कहा-स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। न्यायालय ने आदेश दिया कि मालदा में एसआईआर प्रक्रिया में शामिल न्यायिक अधिकारियों के घेराव से जुड़ी घटना के सिलसिले में पश्चिम बंगाल पुलिस की ओर से गिरफ्तार 26 लोगों से एनआईए पूछताछ करे।
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध के मामले में पुलिस ने कार के ड्राइवर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार के ड्राइवर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस टीम ने रूपनगर इलाके में एक पिकेट पर गाड़ी को ज़ब्त किया। सरबजीत नाम के एक आदमी को गिरफ्तार किया गया है। सरबजीत पीलीभीत, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
अमेरिका का 15-पॉइंट का प्रस्ताव बहुत ज़्यादा मांग वाला है, हमने अपनी मांगों का एक सेट तैयार किया हैः ईरान
ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अमेरिका का 15-पॉइंट का प्रपोज़ल बहुत ज़्यादा मांग वाला है। हमने अपनी मांगों का एक सेट तैयार किया है और उसे फॉर्मल बनाया है। इस बात की संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता कि “इस्फ़हान में पायलट रेस्क्यू” ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को ज़ब्त करने के मकसद से किया गया एक धोखा देने वाला ऑपरेशन था। सीज़फ़ायर दूसरी तरफ़ के लिए फिर से इकट्ठा होने और अपनी कार्रवाई जारी रखने का मौका बन सकता है। ओमान के साथ बातचीत होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाजों के सुरक्षित रास्ते को पक्का करने के लिए एक प्रोटोकॉल बनाने पर फोकस है।
पश्चिम एशिया संकट से उपजी चिंताओं के समाधान में विफल रहे प्रधानमंत्री: प्रियंका
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से पैदा हुई चिंताओं को दूर करने में ‘नाकाम’ रहे हैं, जिसका असर लाखों भारतीयों पर पड़ रहा है।
केरल में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए इस उत्तरी जिले के पेरावूर में प्रचार अभियान के तहत एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने दावा किया कि इस क्षेत्र में भारतीयों की सुरक्षा और हिफाजत के लिए कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
पश्चिम एशिया की स्थिति का जिक्र करते हुए, वायनाड की सांसद ने कहा कि आने वाले दिनों में भारत को और भी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि, ‘‘मोदीजी अमेरिका और इजराइल के आगे झुकने में बहुत ज्यादा व्यस्त हैं।’’
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से हिमंत की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की, पत्नी की विदेशी संपत्तियों का उल्लेख नहीं करने का आरोप
कांग्रेस ने सोमवार को निर्वाचन आयोग (ईसी) में शिकायत दर्ज कराई और मुख्यमंत्री हिमंत विश्वा शर्मा की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि उन्होंने चुनावी हलफनामे में अपनी पत्नी की कथित विदेशी संपत्तियों का उल्लेख नहीं किया है।
इससे पहले कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री से तीन सवाल पूछे थे- क्या उनकी पत्नी या परिवार के पास दुबई में संपत्ति है, अमेरिका में कंपनियां हैं या उन्होंने अपनी संपत्ति फर्जी कंपनियों में लगा रखी है। शर्मा ने इन आरोपों का खंडन किया है। असम की 126 विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान होना है।
विधानसभा चुनाव में हिमंत विश्व शर्मा जलुकबारी से उम्मीदवार हैं जहां उनका मुकाबला कांग्रेस की बिदिशा नियोग से है। बिदिशा नियोग द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से की गयी शिकायत में, कांग्रेस ने विदेशी संपत्तियों के बारे में 'सूचना को दबाने' की जांच कराने की भी मांग की है।
नियोग ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया, “प्रपत्र 26 में स्पष्ट वैधानिक निर्देशों के बावजूद उक्त हलफनामे में किसी भी विदेशी संपत्ति का खुलासा नहीं किया गया है... दुबई भूमि विभाग के दस्तावेजी साक्ष्य से यह सिद्ध होता है कि उम्मीदवार की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा दुबई और यूएई स्थित दो मूल्यवान संपत्तियों की स्वामी हैं।” उन्होंने शर्मा की पत्नी के स्वामित्व वाली दो संपत्तियों का उल्लेख किया और कहा कि “जानबूझकर जानकारी छिपाना” नियमों का उल्लंघन है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने मांग की, “विदेशी संपत्तियों को छिपाने के मामले में तत्काल जांच कराई जाए, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 36 के तहत हिमंत विश्व शर्मा का नामांकन रद्द किया जाए और धारा 125ए के तहत उचित कार्यवाही शुरू की जाए।” कांग्रेस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में शिकायत दर्ज कराकर शर्मा की पत्नी द्वारा कथित तौर पर दुबई और अमेरिका के व्योमिंग में अघोषित संपत्तियों को लेकर धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत मामला दर्ज करने का आग्रह किया है।
ईरान बोला- अमेरिका-इजराइल के एक ड्रोन को मार गिराया
ईरान ने दावा किया है कि उसने अपने पश्चिमी लोरेस्तान प्रांत में अमेरिका-इजराइल का एक ड्रोन मार गिराया है। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना डेलफान काउंटी के बदावर इलाके के पास हुई, जहां ड्रोन को इंटरसेप्ट किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, एयर डिफेंस यूनिट्स ने ड्रोन को निशाना बनाकर गिराया।
ईरान और अमेरिका के सामने एक मसौदा प्रस्ताव पेश किया गया है, जिसमें 45-दिन के संघर्ष-विराम और होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खोलने का प्रस्ताव शामिल है- AP
राहुल गांधी का आरोप- पुडुचेरी सरकार "दिल्ली से थोपी गई"; चुनाव से पहले BJP पर भ्रष्टाचार का लगाया आरोप
दिल्ली : आदर्श नगर में घर को आग लगाने की कोशिश, जांच शुरू
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में कुछ लोगों द्वारा एक आवासीय संपत्ति को कथित तौर पर आग लगाने की कोशिश के बाद दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना पांच अप्रैल को तब सामने आई जब आदर्श नगर थाने में एक घर को आग लगाने के प्रयास के संबंध में सूचना प्राप्त हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक जांच के दौरान आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कथित तौर पर दो लोगों की संलिप्तता सामने आई है जो जानबूझकर इस कृत्य को अंजाम देते देखे गए।"
मध्य प्रदेश: भोपाल में 'बड़ी झील' के पास बुलडोजर एक्शन, 347 अवैध निर्माण तोड़े जाएंगे
मध्य प्रदेश की भोपाल की लाइफलाइन कही जाने वाली बड़ी झील के पास प्रशासन ने एक बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। प्रशासन ने बड़ा तालाब के किनारे बने अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलना शुरू कर दिया है। 6 अप्रैल से शुरू हुआ यह अभियान 21 अप्रैल तक चलेगा।
कुल 15 दिनों तक चलने वाली इस अभियुन के तहत जिला प्रशासन ने 347 अतिक्रमण चिन्हित किए हैं, जो तालाब के फुल टैंक लेवल (FTL) के 50 मीटर दायरे में आते हैं। इन पर कार्रवाई होगी।
ड्रोन बोट हमले में मारे गए नाविक का शव मुंबई लाया गया
पश्चिम एशिया युद्ध के दौरान पिछले महीने ओमान तट के निकट हुए संदिग्ध ड्रोन बोट हमले में जान गंवाने वाले 25 वर्षीय नाविक दीक्षित सोलंकी का शव मुंबई लाया गया। ‘नेशनल यूनियन ऑफ सीफेयरर्स ऑफ इंडिया’ (एनयूएसआई) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एनयूएसआई के एक सदस्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दीक्षित के पिता अमृतलाल सोलंकी और बहन मिताली सोलंकी को रविवार को मुंबई हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल पर शव सौंपा गया।
ईरान की राजधानी तेहरान के निकट इमारत पर हवाई हमले, 13 लोगों की मौत
ईरान की राजधानी तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक शहर की एक रिहायशी इमारत पर हुए हवाई हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। ईरानी मीडिया ने यह जानकारी दी।
अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स और नूर न्यूज ने बताया कि यह हमला इस्लामशहर के पास हुआ। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इस इमारत को क्यों निशाना बनाया गया। सोमवार सुबह हुए इन हमलों की जिम्मेदारी न तो इजराइल और न ही अमेरिका ने ली है।
दिल्ली सरकार ने गोदामों से सीधे LPG सिलेंडर बेचने पर पूरी तरह से रोक लगा दी
उत्तराखंड- ढाबे और सड़क किनारे की छोटी खाने की दुकानों को कमर्शियल LPG सिलेंडरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके कामकाज में रुकावटें आ रही हैं।
'रात 8 बजे...', ट्रंप ने बताया किस तारीख पर ईरान पर करेंगे सबसे बड़ा हमला?
मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग और तेज होती नजर आ रही है।. ट्रंप ने ईरान को होर्मुज खोलने और समझौता करने की फिर धमकी दी है। ऐसा नहीं करने पर भयंकर हमला करने की चेतवानी दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर एक पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर होने वाले संभावित हमले का समय साझा किया है। उन्होंने लिखा, 'मंगलवार, पूर्वी समयानुसार रात 8:00 बजे!'भारतीय समयानुसार यह बुधवार (8 अप्रैल) की सुबह का समय होगा।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia