बड़ी खबर LIVE: ममता का पार्टी विधायकों को निर्देश- विधानसभा के पहले दिन काले कपड़े पहनें
टीएमसी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक में पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें जबरदस्ती हराया गया। ममता ने विधायकों को निर्देश दिया कि विधानसभा के पहले दिन काले कपड़े पहनें। उन्होंने कहा कि हम हार गए होंगे लेकिन हम लड़ेंगे।

भोजशाला पर अब जैन समुदाय ने किया दावा, विवादित स्मारक में पूजा का अधिकार मांगा
जैन समुदाय के एक याचिकाकर्ता ने भोजशाला मंदिर-कमाल मौला मस्जिद परिसर में मध्यकालीन जैन मंदिर और गुरुकुल होने का दावा करते हुए मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय से बुधवार को गुहार की कि समुदाय को इस स्मारक में उपासना का अधिकार प्रदान किया जाए।
दिल्ली के सामाजिक कार्यकर्ता सलेक चंद जैन ने यह जनहित याचिका ऐसे वक्त दायर की, जब भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षित स्मारक के धार्मिक स्वरूप के विवाद को लेकर हिंदू और मुस्लिम पक्षों के दायर मुकदमे उच्च न्यायालय में पहले ही विचाराधीन हैं। हिंदू पक्ष एएसआई के वैज्ञानिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट के आधार पर दावा कर रहा है कि यह स्मारक मूलत: एक मंदिर है, जबकि मुस्लिम पक्ष इसे मस्जिद करार दे रहा है।
जैन के वकील दिनेश पी. राजभर ने इंदौर पीठ के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और न्यायमूर्ति राजेश कुमार गुप्ता के सामने एएसआई के 2003 के एक आदेश को चुनौती दी। इस आदेश के तहत विवादित स्मारक में हर मंगलवार को हिंदुओं और हर शुक्रवार को मुस्लिमों को उपासना की अनुमति दी गई है। राजभर ने दावा किया कि भोजशाला परिसर में कभी जैन मंदिर और गुरुकुल हुआ करता था।
उन्होंने भारतीय संविधान के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप पर जोर देते हुए कहा,‘‘देश के संविधान के तहत जैन धर्म के अनुयायियों को भोजशाला परिसर में पूजा का अधिकार है।’’ राजभर ने तर्क दिया कि धार के राजा भोज हिंदू और जैन, दोनों धर्मों के विद्वानों के संरक्षक थे।
टीवी न्यूज चैनलों की टीआरपी रिपोर्टिंग पर अगले चार सप्ताह तक के लिए रोक
सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच “सनसनीखेज और अटकलों पर आधारित खबरें” दिखाए जाने पर रोक लगाने के उद्देश्य से टीवी न्यूज चैनलों की टेलीविजन रेटिंग पॉइंट्स (टीआरपी) रिपोर्टिंग पर लगी रोक चार सप्ताह के लिए बढ़ा दी है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) ने छह मार्च को टेलीविजन रेटिंग एजेंसी ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (बीएआरसी) को टीवी न्यूज चैनलों की टीआरपी रिपोर्टिंग पर तुरंत रोक लगाने का निर्देश दिया था। अब यह रोक चार हफ्तों या अगले आदेश तक जारी रहेगी। इससे पहले यह रोक छह मई तक के लिए बढ़ाई गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बीएआरसी को निर्देश दिया है कि वह न्यूज टीवी चैनलों की टीआरपी रिपोर्टिंग पर लगी रोक चार सप्ताह के लिए बढ़ाए।
सीएनएन संस्थापक टेड टर्नर का 87 साल की उम्र में निधन
सीएनएन के संस्थापक टेड टर्नर का का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। सीएनएन नेटवर्क ने यह जानकारी दी। नेटवर्क ने टर्नर एंटरप्राइजेज की एक प्रेस विज्ञप्ति के हवाले से बताया कि टर्नर का निधन बुधवार को हुआ।
टर्नर ने अटलांटा के एक गुमनाम टेलीविजन स्टेशन को पहले उपग्रह-आधारित ‘सुपरस्टेशन’ में बदल दिया और केबल न्यूज नेटवर्क की स्थापना की। यह पहला 24 घंटे चलने वाला, पूरी तरह से समाचार प्रसारित करने वाला टीवी नेटवर्क था। टर्नर के पास खेल टीमें थीं, वह एक चैंपियन नौका रेसर थे। उनकी अभिनेत्री जेन फोंडा से शादी करीब 10 साल तक चली।
तेलंगानाः बारिश और आंधी के बाद ‘शेड’ गिरने से चार किसानों की मौत, तीन अन्य घायल
तेलंगाना के मंचरियाल जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में ‘टिन शेड’ (टिन की छत) और जर्जर ढांचों के गिरने से चार किसानों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात लक्सेट्टीपेट मंडल के दो गांवों में ये घटनाएं तब हुईं, जब भारी बारिश और आंधी के बाद कुछ किसानों ने वहां शरण ले रखी थी।
अधिकारियों के अनुसार, कोथुरु गांव में एक ‘टिन शेड’ के गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।पुलिस और जिला अधिकारियों ने बताया कि गम्पालापल्ली गांव में एक अन्य घटना में एक और ढांचे के गिरने से दो और लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना में घायल तीन लोगों को इलाज के लिए करीमनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ममता का पार्टी विधायकों को निर्देश- विधानसभा के पहले दिन काले कपड़े पहनो
टीएमसी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक में पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा, "जो हारे, उन्हें ज़बरदस्ती हराया गया। मैं पश्चिम बंगाल पुलिस, सीआरपीएफ, बीजेपी वाली सोच वाले चीफ इलेक्शन ऑफिसर और चुनाव आयोग की निंदा करती हूं। 1500 से ज़्यादा पार्टी ऑफिस हाईजैक कर लिए गए। मेरे साथ बदसलूकी की गई और मुझे धक्का दिया गया। मुझे सीने में दर्द हो रहा था। यह चुनाव नहीं बल्कि ज़ुल्म था।"
ममता बनर्जी ने आगे कहा, "बंगाल में इंडिया टीम अब एक हो गई है। मैं इस्तीफा नहीं दूंगी। उन्हें मुझे निकालने दो। मैं चाहती हूं कि यह एक काला दिन हो। हमें मजबूत होना होगा। असेंबली के पहले दिन काले कपड़े पहनो। जिन्होंने धोखा दिया उन्हें पार्टी से निकाल दिया जाएगा। मैं हंस रही हूं। मैंने उन्हें नैतिक रूप से हराया है। मैं एक आज़ाद पक्षी हूं। मैंने सभी के लिए काम किया है। हम हार गए होंगे लेकिन हम लड़ेंगे। गृह मंत्री और प्रधानमंत्री सीधे तौर पर इसमें शामिल हैं।"
कांग्रेस पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक केरल पहुंचे, कल होगी विधायक दल की बैठक
AIADMK ने TVK को समर्थन नहीं देने का फैसला किया
एआईएडीएमके के डिप्टी कोऑर्डिनेटर के.पी. मुनुसामी ने पार्टी की अहम बैठक के बाद कहा कि हालात चाहे जो भी हों, उनकी पार्टी टीवीके को सपोर्ट नहीं करेगी।"
ट्रंप की नई धमकी- ईरान माना तो अभियान बंद होगा, वर्ना भीषण बमबारी होगी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरुमध्य दोबारा न खोलने की स्थिति में ईरान पर और ज्यादा बमबारी करने की बुधवार को चेतावनी दी। इस बीच, युद्ध खत्म करने के लिए दोनों पक्षों के समझौते के करीब पहुंचने की खबर भी सामने आई है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान के साथ युद्ध जल्द ही खत्म हो सकता है और तेल व प्राकृतिक गैस की आपूर्ति दोबारा शुरू हो सकती है।
हालांकि उन्होंने कहा कि यह सबकुछ इस बात पर निर्भर करता है कि ईरान एक कथित समझौते को स्वीकार कर ले। ट्रंप ने समझौते के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। ट्रंप ने कहा, “अगर वह सहमति नहीं जताता है, तो बमबारी शुरू होगी। यह बमबारी दुर्भाग्य से पहले की तुलना में बहुत बड़े स्तर पर और बहुत तेज होगी।” ट्रंप ने कहा कि इस बात की काफी संभावना है कि ईरान अमेरिका की ओर से रखी गईं शर्तें मान लेगा।
दक्षिण अफ्रीका पहुंचे क्रूज जहाज में हंटावायरस संक्रमण की पुष्टि, तीन मरीजों की मौत
नीदरलैंड के ध्वज वाले एमवी हॉनडियस क्रूज जहाज में घातक हंटावायरस का संक्रमण फैलने की पुष्टि हुई है और उसमें करीब 150 लोग फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि जहाज केप वर्डे के तट पर फंसा हुआ है, बुधवार को स्पेन के कैनरी द्वीप समूह की ओर रवाना होने का इंतजार कर रहा था। इस बीच, दक्षिण अफ्रीका और स्विट्जरलैंड के स्वास्थ्य अधिकारियों ने वायरस के एक ऐसे प्रकार की पहचान की है जिसके मनुष्यों में फैलने की आशंका बहुत कम है।
एमवी हॉनडियस क्रूज जहाज पर हंटावायरस का संक्रमण फैलने से तीन यात्रियों की मौत हो गई है और कई अन्य बीमार पड़ गए हैं। हंटावायरस आमतौर पर संक्रमित चूहे के मल में होते हैं और श्वास के जरिये फैलते हैं। यह जहाज एक अप्रैल को अटलांटिक महासागर की यात्रा पर अर्जेंटीना से रवाना हुआ था और इसको अंटार्कटिका, फ़ॉकलैंड द्वीप समूह और अन्य स्थानों पर रुकना था। हालांकि, जहाज पर उत्पन्न स्थिति के कारण यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस ए. घेब्रेयेसस ने बताया कि हंटावायरस से संक्रमण के तीन संदिग्ध मरीजों को जहाज से निकाला गया है और उन्हें नीदरलैंड ले जाया जा रहा है। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि मरीजों में जहाज का चिकित्सक भी शामिल है। मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि चिकित्सक सहित मरीजों को पहले कैनरी द्वीप समूह ले जाया जाना था, लेकिन अब ‘‘स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद’’ उन्हें सीधे स्वदेश नीदरलैंड भेजा जा रहा है।
इस बीच, स्विट्जरलैंड के अधिकारियों ने बुधवार को पुष्टि की कि दक्षिण अमेरिका की यात्रा से लौटे और क्रूज जहाज पर यात्रा करने वाला एक व्यक्ति के वायरस से संक्रमित है और उसका इलाज चल रहा है।
तमिलनाडु के राज्यपाल ने 5 मई 2026 से 16वीं तमिलनाडु विधानसभा भंग की
TMC के नवनिर्वाचित विधायक पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के घर पहुंचे
पश्चिम बंगाल में BJP सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए ब्रिगेड ग्राउंड में तैयारियां शुरू
चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन हम हमेशा बीजेपी-आरएसएस की सोच के खिलाफ लड़ते रहेंगेः तेजस्वी यादव
पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हमें उम्मीद नहीं थी कि बंगाल में इस तरह के नतीजे आएंगे। लेकिन जब से बीजेपी वहां है, पूरा सिस्टम और मशीनरी उनके हाथ में है....हमारी सोच है कि हार या जीत ज़्यादा मायने नहीं रखती। चुनाव तो बहुत होंगे, आते-जाते रहेंगे, लेकिन हम अपनी सोच, अपनी पॉलिसी और उसूलों के लिए लड़ेंगे, और हम हमेशा बीजेपी-आरएसएस की सोच के खिलाफ लड़ते रहेंगे।
अगर ईरान मान जाता है तो एपिक फ्यूरी खत्म हो जाएगा, वर्ना पहले से भी ज्यादा भयावह बमबारी शुरू हो जाएगीः ट्रंप
अमेरिकी राषट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट मं कहा, "अगर ईरान वो देने के लिए मान जाता है जिस पर सहमति बनी है, जो शायद एक बड़ा अंदाज़ा है, तो पहले से ही मशहूर एपिक फ्यूरी खत्म हो जाएगा, और बहुत असरदार ब्लॉकेड से होर्मुज स्ट्रेट ईरान समेत सभी के लिए खुल जाएगा। अगर वे नहीं मानते हैं, तो बमबारी शुरू हो जाएगी, और दुख की बात है कि यह पहले से कहीं ज़्यादा लेवल और तेज़ी से होगी।"
चुनाव के प्रतिकूल नतीजों के कारण नहीं, धन की कमी के कारण खत्म किया आई-पैक से करार: अखिलेश
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी ने इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) के साथ अपना करार धन के अभाव के कारण खत्म किया है और हाल के पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों से इसका कोई सम्बन्ध नहीं है।
अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए आई-पैक के साथ पार्टी का करार खत्म किये जाने से सम्बन्धित एक सवाल पर कहा, “हां हमारा संबंध था और कुछ महीने हमारे साथ उन्होंने काम भी किया लेकिन उसके बाद हम काम नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि हमारे पास इतना धन नहीं है।”
अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणामों से डर के कारण करार खत्म करने के एक सवाल पर कहा, “वास्तव में हमारे पास धन की कमी है। हम उतना नहीं खर्च कर सकते।” सपा प्रमुख ने कहा कि वह पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करके इस बारे में निर्णय लेंगे कि किस कम्पनी की सेवाएं ली जाएं।
यूक्रेन के एकतरफा युद्धविराम को रूस ने ठुकराया, रातभर ड्रोन हमले किए
रूस ने यूक्रेन द्वारा घोषित एकतरफा युद्धविराम की अनदेखी करते हुए रातभर दर्जनों ड्रोन हमले किए। यूक्रेनी अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यूक्रेन द्वारा आधी रात से लागू किए गए युद्धविराम के बावजूद हमले जारी रहे। वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यूक्रेन ने स्वयं अपने युद्धविराम का पालन नहीं किया और उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने मंगलवार शाम से बुधवार सुबह तक रूसी क्षेत्रों, अवैध रूप से कब्जाए गए क्रीमिया प्रायद्वीप और काला सागर के ऊपर 53 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
रूस द्वारा नियुक्त गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव के अनुसार, क्रीमिया के झानकोय शहर पर यूक्रेन के ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई। उन्होंने आधी रात के बाद हताहतों की जानकारी दी, जबकि हमले के बारे में उन्होंने करीब 90 मिनट पहले पोस्ट किया था। मॉस्को की ओर से यूक्रेन के युद्धविराम का पालन करने का कोई संकेत नहीं मिला था और युद्धविराम की उम्मीद भी कम ही थी, क्योंकि रूस द्वारा यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद यह युद्ध का पांचवा साल है। पिछले एक वर्ष में अमेरिका के नेतृत्व में हुए कूटनीतिक प्रयास भी विफल रहे हैं।
कोटा के अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद छह महिलाओं की हालत बिगड़ी, एक की मौत
कोटा के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सिजेरियन प्रसव के बाद जटिलताओं के कारण एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत बिगड़ गई। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी। अधीक्षक डॉ. नीलेश जैन ने बताया कि निम्न रक्तचाप, प्लेटलेट की संख्या में कमी और मूत्र अवरोध जैसी जटिलताओं के बाद, गंभीर रूप से बीमार पांच महिलाओं को नेफ्रोलॉजी वार्ड में स्थानांतरित किया गया, जबकि नवजात शिशुओं को एनएमसीएच वार्ड में ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि उनके उपचार और निगरानी के लिए डॉ. विकास खंडेलिया के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एक चिकित्सा दल का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल अधिकारियों ने "कुछ गड़बड़ी होना" स्वीकार किया है, इसलिए उनकी हालत बिगड़ने के कारणों की जांच के लिए डॉ. सुरेश दुलारा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एक अन्य दल का गठन किया गया है।
जैन ने बताया कि सोमवार शाम को कम से कम 12-13 गर्भवती महिलाओं का सिजेरियन से प्रसव हुआ, जिनमें से छह की हालत ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान छह महिलाओं में से एक की मंगलवार को मौत हो गई और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
यह 'मतगणना' (वोटों की गिनती) नहीं है; असल में यह 'मनगणना' हो रही है- अखिलेश
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा यह 'मतगणना' (वोटों की गिनती) नहीं है; असल में यह 'मनगणना' हो रही है... जब वोटों की गिनती चल रही होती है, तो वे पहले ही अपना मन बना चुके होते हैं, एक धारणा बना लेते हैं और एक नैरेटिव गढ़ लेते हैं... अगर अदालती कार्यवाही का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) हो सकता है, तो फिर वोटों की गिनती का क्यों नहीं?... हमारी मांग है कि सुप्रीम कोर्ट इस पर तत्काल कार्रवाई करे और बंगाल में वोटों की गिनती का CCTV फुटेज पूरे देश के लिए लाइव उपलब्ध कराए।"
राज्यपाल से मिले विजय, सरकार बनाने का दावा किया पेश
चेन्नई- TVK प्रमुख विजय सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए तमिलनाडु लोक भवन पहुंचे।
इनकी टूल किट देख लीजिए इनका मॉडल देख लीजिए, पहले कीचड़ फिर कमल- पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि एक महीने में लिए परेशानी भरा रहा, जिस स्थिति से आज देश का लोकतंत्र गुजर रहा है वो चिंताजनक है। पवन खेड़ा ने कहा कि पहली बार नहीं है जब हम आपके सामने वोट चोरी की बात कर रहे हैं। पवन खेड़ा ने कहा कि एसआईर, परिसीमन जैसे हथकंडे अपनाकर पूरे चुनाव को अपने हाथों में लिया गया। कांग्रेस नेता ने कहा कि इनकी टूल किट देख लीजिए इनका मॉडल देख लीजिए, पहले कीचड़ फिर कमल
तमिलनाडु कांग्रेस के नेताओं ने चेन्नई में टीवीके मुख्यालय में टीवीके प्रमुख विजय से मुलाकात की
गुजरात बोर्ड 10वीं के नतीजे घोषित, रेगुलर छात्रों का शानदार प्रदर्शन; 83.86% बच्चे पास
इस परीक्षा में कुल 7,69,993 रेगुलर छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 7,56,392 ने परीक्षा दी और 6,34,327 छात्र पास हुए। इस तरह रेगुलर छात्रों का रिजल्ट 83.86% रहा। वहीं 70,934 रिपीट छात्रों में से 67,404 ने परीक्षा दी और 22,598 सफल हुए, जिनका रिजल्ट 33.53% रहा। इसके अलावा GSOS के तहत 25,313 छात्रों में से 23,353 ने परीक्षा दी और 6,590 पास हुए, जिनका रिजल्ट 28.22% रहा।
आसनसोल, पश्चिम बंगाल: कोर्ट मोड़ इलाके में स्थित TMC कार्यालय में आग लग गई
बीजेपी का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता, हरियाणा में पूरी सरकार ही घुसपैठिया- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा वोट चोरी के जरिए कभी सीटें चुराई जाती हैं, तो कभी पूरी की पूरी सरकार ही हड़प ली जाती है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि लोकसभा में बीजेपी के जो 240 सांसद हैं, उनमें से मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है।
पंजाब- कल रात BSF मुख्यालय, पंजाब फ्रंटियर के पास आग की चपेट में आए खड़े दोपहिया वाहन के अवशेष। आगे की जांच के लिए इलाके को सील कर दिया गया है।
अमृतसर, पंजाब: खासा छावनी से सुबह के दृश्य, जहाँ कल रात करीब 10:50 बजे एक धमाका हुआ था।
पश्चिम बंगाल: आसनसोल के कोर्ट मोड़ इलाके में कल देर रात तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक दफ़्तर में आग लग गई।
बंगाल में नई विधानसभा गठन का रास्ता साफ, EC ने गवर्नर को भेजा नोटिफिकेशन, ममता ने इस्तीफा देने से किया था मना
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव आयोग (EC) ने मंगलवार को नई विधानसभा के गठन के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस अधिसूचना को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को भेज दिया गया है, जिसके साथ राज्य में चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से खत्म हो गई है और नई सरकार गठन की राह खुल गई है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
