बड़ी खबर LIVE: TMC सांसद महुआ मोइत्रा का आरोप- विमान में पुरुषों के समूह ने उत्पीड़न किया, कार्रवाई की मांग की
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आने के दौरान इंडिगो की उड़ान में उन्हें पुरुषों के एक समूह द्वारा उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।

TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने विमान में पुरुषों के समूह पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया, कार्रवाई की मांग की
तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आने के दौरान इंडिगो की उड़ान में उन्हें पुरुषों के एक समूह द्वारा उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। ‘एक्स’ पर पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह घटना इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 719 में हुई।
मोइत्रा ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘मैं आज आधिकारिक काम से रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली आई थी। मैं उड़ान संख्या 6ई-719 में सीट नंबर 1एफ पर बैठी थी। चार-पांच लोग विमान में सवार हुए और मुझे घूरते हुए पिछले हिस्से में चले गए।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि विमान के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद और विमान के दरवाजे खुलने से पहले, उन लोगों ने उन्हें परेशान किया और इस घटना का वीडियो बनाया।
मोइत्रा ने कहा, ‘‘यह कोई ‘नागरिकों का गुस्सा’ नहीं है। यह उत्पीड़न है और विमान में मेरी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। किसी भी हालत में ये बदमाश विमान के अंदर इस तरह का उत्पीड़न करके बच नहीं सकते।’’ मोइत्रा ने इंडिगो और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु को टैग करते हुए घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने विमान कंपनी को संबोधित करते हुए पोस्ट में लिखा, ‘‘अपनी क्रू रिपोर्ट ढूंढें, उनके नाम उजागर करें और उन्हें प्रतिबंधित सूची में डाल दें।’’ तृणमूल सांसद ने एक दूसरे पोस्ट में कहा, ‘‘यह बीजेपी की संस्कृति है। इसमें आश्चर्य की क्या बात है?’’
मोइत्रा ने कहा कि उन्होंने घटना को नजरअंदाज करते हुए बैठक में भाग लिया था, लेकिन वायरल हुए वीडियो को देखने के बाद उन्होंने इस मुद्दे को उठाने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इसे नजरअंदाज कर दिया और हवाई अड्डे से अपनी बैठक के लिए चली गई। फिर लोगों ने मुझे वह वीडियो भेजा जिसे संघी ‘वायरल’ कर रहे थे। तभी मैंने इसका विरोध किया।’’ मोइत्रा ने कहा कि वह विमानन कंपनी को औपचारिक शिकायत भेजेंगी।
इंडिगो या नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
भोजशाला को ‘मस्जिद घोषित करने’ के रियासतकालीन आदेश की कोई कानूनी मान्यता नहीं: मध्य प्रदेश सरकार
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में भोजशाला मंदिर-कमाल मौला मस्जिद विवाद के मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को दलील दी कि इस स्मारक को लेकर तत्कालीन धार रियासत के दरबार की ओर से वर्ष 1935 में जारी 'ऐलान' (सरकारी आदेश) की कोई कानूनी मान्यता नहीं है।
मुस्लिम पक्ष ने 91 साल पुराने रियासतकालीन आदेश के हवाले से दावा किया है कि इसके जरिये भोजशाला को मस्जिद घोषित किया गया था और इसमें नमाज जारी रखे जाने की अनुमति दी गई थी। भोजशाला को हिंदू समुदाय वाग्देवी (देवी सरस्वती) का मंदिर मानता है, जबकि मुस्लिम पक्ष इस स्मारक को कमाल मौला मस्जिद बताता है। यह विवादित परिसर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा संरक्षित है।
प्रदेश के महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने तत्कालीन धार रियासत के दीवान और प्रशासनिक परिषद के अध्यक्ष के. नाडकर के 24 अगस्त 1935 को जारी ‘ऐलान’ की कानूनी वैधता को चुनौती दी।उन्होंने इंदौर पीठ के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला और न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी के सामने तर्क रखा कि यह रियासतकालीन आदेश विधायी प्रक्रिया के तहत जारी नहीं किया गया था, इसलिए इसे कानून नहीं माना जा सकता। सिंह ने कहा कि पूर्व धार रियासत का ‘ऐलान’ एक वर्ग के संविधानप्रदत्त अधिकारों का हनन है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में यमुना नदी में नाव पलटी, छह लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना नदी में एक नाव पलटने के बाद पांच बच्चों और एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने शव बरामद किए।मृतकों की पहचान आकांक्षा (9), रानी (9), बृजरानी (25), लाभयांश (5), महेश (6) और आदित्य (11) के रूप में हुई।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया में बुधवार शाम यमुना नदी में एक नाव पलट गई जिसके बाद उस पर सवार नौ लोग डूबने लगे। उन्होंने बताया कि नाव चला रहे धीरू नामक किशोर ने तीन लोगों को बचा लिया लेकिन आकांक्षा, रानी, बृजरानी, लाभयांश, महेश और आदित्य डूब गए।
थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि बचाव टीमों ने बाद में आकांक्षा, लाभयांश, महेश, रानी और बृजरानी के शव बरामद कर लिए जबकि आदित्य का शव बृहस्पतिवार देर शाम बरामद हुआ। इससे पहले उन्होंने बताया था कि सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा। कुरारा के थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी के ‘सहयोगी’ और अन्य लोगों के परिसरों पर ईडी की छापेमारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जमीन धोखाधड़ी मामले में धनशोधन जांच के तहत मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के एक कथित निकट सहयोगी के परिसरों समेत पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर गुरुवार को छापे मारे।
अधिकारियों ने बताया कि मोहाली और चंडीगढ़ में सनटेक सिटी परियोजना, अजय सहगल, एबीएस टाउनशिप्स, अल्टस बिल्डर्स, धीर कंस्ट्रक्शंस और उनके सहयोगियों से जुड़े करीब 12 स्थानों पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एजेंसी नितिन गोहल नामक व्यक्ति के परिसरों पर भी छापे मार रही है। उस पर ‘ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी’ (गमाडा) के शुल्क के भुगतान में चूक करने वाले कई बिल्डर की मदद करने और उनके लिए राजनीतिक संरक्षण की व्यवस्था करने का आरोप है। अधिकारियों ने दावा किया कि आईटी पेशेवर गोहल का संबंध पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मण से है।
अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों पर गमाडा से भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) लाइसेंस हासिल करने में धोखाधड़ी करने और बाद में लोगों से ठगी करने का आरोप है। आरोप है कि उन्होंने निवेशकों से करोड़ों रुपये की धनराशि जुटाई। हालांकि, मान ने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई का उनसे कोई लेना-देना नहीं है।
बिहारः सम्राट कैबिनेट में हुआ विभागों का बंटवारा, निशांत कुमार को मिला स्वास्थ्य विभाग
बिहार में कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के विभागों का आवंटन हो गया है। सीएम सम्राट चौधरी के पास सामान्य प्रशासन, गृह, कैबिनेट सेक्रेटेरिएट, विजिलेंस, सिविल एविएशन हैं। इसके अलावा ऐसे सभी विभाग जो किसी को नहीं दिए गए हैं वे सीएम के पास रहेंगे।
इसके अलावा, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन और संसदीय कार्य विभाग मिला है। डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव को फाइनेंस मिला है। विजय कुमार सिन्हा को कृषि और निशांत कुमार को हेल्थ डिपार्टमेंट मिला है।
'वंदे मातरम' को अनिवार्य बनाना धार्मिक स्वतंत्रता पर आक्रमण, पूरी तरह से अस्वीकार्य: AIMPLB
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी)ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समान कानूनी संरक्षण दिए जाने के फैसले की बृहस्पतिवार को कड़ी आलोचना करते हुए इसे धार्मिक स्वतंत्रता सहित संवैधानिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन करार दिया और तत्काल इस निर्णय को वापस लेने की मांग की।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन में किसी भी प्रकार की बाधा डालने को दंडनीय अपराध बनाने के लिए ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971’ में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे वंदे मातरम् को राष्ट्रगान जन गण मन के समान वैधानिक सुरक्षा मिल जाएगी। वर्तमान कानून में राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान को किसी भी प्रकार के अपमान से सुरक्षा प्राप्त है।
बोर्ड द्वारा जारी बयान में कहा गया कि एआईएमपीएलबी केंद्रीय मंत्रिमंडल के उस फैसले को ‘कड़ी आलोचना’ के साथ खारिज करता है, जिसमें वंदे मातरम् को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के बराबर दर्जा दिया गया है, इसके सभी छह अंतरों के गायन को अनिवार्य बनाया गया है और सभी सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रगान से पहले इसका गायन अनिवार्य किया गया है।
एआईएमपीएलबी ने दावा किया कि यह कदम भारत के संविधान की मूल भावना, धार्मिक स्वतंत्रता, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों और संविधान सभा के ऐतिहासिक निर्णयों का ‘प्रत्यक्ष उल्लंघन’ है। साथ ही सरकार ने इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की।
राज्यपाल ने 7 मई 2026 से पश्चिम बंगाल विधानसभा को भंग करने का आदेश जारी किया
AIADMK प्रमुख पलानीस्वामी पुडुचेरी के रिसॉर्ट पहुंचे, जहां तमिलनाडु के 28 पार्टी विधायकों को ठहराया गया है
बंगाल में पनिहाटी में बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ के घर के पास बम से हमले की खबर
कांग्रेस अध्यक्ष करेंगे केरल में कांग्रेस विधायक दल के नेता का फैसला, विधायकों ने सर्वसम्मति से लिया फैसला
केरल में यूडीएफ नेताओं के साथ मीटिंग पर कांग्रेस के ऑब्ज़र्वर मुकुल वासनिक ने कहा, "सभी कांग्रेस विधायकों ने एकमत होकर एक प्रस्ताव पास किया, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष को केरल में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त करने का अधिकार दिया गया। इसके बाद, हमने सभी विधायकों के साथ वन-ऑन-वन चर्चा की, उनके विचार और राय समझने की कोशिश की। अब हम दिल्ली के लिए निकल रहे हैं, जहां हम यहां हुई सभी चर्चाओं के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष को एक डिटेल्ड रिपोर्ट देंगे।"
हावड़ा के शिवपुर के चौराबस्ती में BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, एक व्यक्ति घायल
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में शिवपुर के चौराबस्ती इलाके में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है, जिसमें एक शख्स घायल हो गया है। पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में किया।
आज हम सबको मिलकर चुनाव में हुए फ्रॉड के खिलाफ खड़ा होना हैः अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कोलकाता में कहा, "मैं अभी दीदी (ममता बनर्जी) से मिला हूं। अभिषेक भी मेरे साथ थे... आज हम सबको मिलकर चुनाव में हुए फ्रॉड के खिलाफ खड़ा होना है। जब चुनाव ईमानदारी से हुआ, तो वो जीतीं, लेकिन इस बार चुनाव में हुई मल्टी-लेयर्ड 'माफियागिरी' की वजह से कोई सोच भी नहीं सकता था कि बीजेपी, चुनाव आयोग, उनके साथी, जासूस और अंडरग्राउंड लोग मिलकर इस तरह का फ्रॉड कर सकते हैं, ऐसे चुनाव हो सकता है।"
अखिलेश ने आगे कहा, "बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में जो किया है- चुनाव धोखा था। यह उनके लिए एक ट्रायल था। और उन्होंने इससे सीखा और पूरा चुनाव लूट लिया।"
सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के लिए गृह मंत्री जिम्मेदार, उनसे मांगना चाहिए जवाबः अखिलेश यादव
कोलकता में सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "इसके लिए गृह मंत्री जिम्मेदार हैं। अधिकारी के पीए की हत्या कैसे हुई? गृह मंत्री को ट्विटर पर टैग करें और उनसे पूछें कि यह कैसे हुआ।
बंगाल में जो कुछ भी हुआ उसके बाद देश के लोग जागेंगेः अखिलेश यादव
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि इसके बाद देश के लोग जागेंगे। बंगाल में जो कुछ भी हुआ... क्या आप सोच सकते हैं कि बंगाल में 3 लाख से ज़्यादा सेंट्रल फोर्स तैनात की गईं और सेलेक्टिव ऑफिसर पोस्ट किए गए? मैंने यह भी सुना है कि ऑफिसर्स को लालच दिया गया कि अगर वे चुनाव जीतने में उनकी मदद करेंगे, तो उन्हें उसका ईनाम मिलेगा और आप देखेंगे कि जो भी बड़े ऑफिसर यहां से चुनाव करवा रहे हैं, उन्हें बाद में कोई बड़ी पोस्ट मिलेगी।"
हमने दो गलतियां कीं, पहली बीजेपी को हराया और दूसरी उन्हें अयोध्या में हरायाः अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "हमने दो गलतियाँ कीं। एक यह कि हमने बीजेपी को हराया, और दूसरी यह कि हमने उन्हें अयोध्या में हराया। इसलिए, हमें निश्चित रूप से निशाना बनाया जाएगा... और हम कई लोगों के निशाने पर हैं।"
सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई लाइव हो सकती है, तो बंगाल की वोटिंग और काउंटिंग का सीसीटीवी क्यों नहीं दिखाया जा सकताः अखिलेश यादव
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "बीजेपी के पास झूठ की 'सोन पापड़ी' जैसी परतें हैं... उन्होंने झूठ की एक परत के ऊपर दूसरी परत लगा दी... सारे वीडियो आर्काइव में हैं। रामपुर चुनाव के दौरान, उन्होंने किसी भी वोटर को बाहर नहीं निकलने दिया... क्या इलेक्शन कमीशन अंधा है?..."
उन्होंने आगे कहा, "बीजेपी वाले सीसीटीवी और कैमरों से बहुत डरते हैं। अगर इलेक्शन कमीशन निष्पक्ष है, तो कुंदरकी में वोटिंग का सीसीटीवी वीडियो जनता को दिखाए... अगर सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई लाइव हो सकती है, तो बंगाल की वोटिंग और काउंटिंग का सीसीटीवी क्यों नहीं दिखाया जा सकता?...
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने TMC प्रमुख ममता बनर्जी से उनके घर पर मुलाकात की
CPM ने शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या की निंदा की, विस्तृत जांच की मांग की
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) ने बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की गुरुवार को "कड़ी निंदा" की और घटना की विस्तृत जांच की मांग की। सीपीएम की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने कहा कि इस भयानक और जघन्य अपराध की जांच शनिवार को शपथ लेने वाली नयी भाजपा सरकार के लिए एक अग्निपरीक्षा होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद भी राज्य में अपराध का सिलसिला जारी है। सलीम ने कहा, ‘‘ हम इस हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। इस अपराध के पीछे की सच्चाई का पता केवल विस्तृत और उचित जांच से ही चल सकता है।’’
चीन के दो पूर्व रक्षा मंत्रियों को भ्रष्टाचार के मामले में मृत्युदंड
चीन के दो पूर्व रक्षा मंत्रियों वी फेंघे और ली शांगफू को बृहस्पतिवार को भ्रष्टाचार के आरोपों में दो साल की राहत के साथ मौत की सजा सुनाई गई। आधिकारिक मीडिया ने यह जानकारी दी।फेंघे और उनके बाद रक्षा मंत्री बने शांगफू को 2024 में सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। दोनों ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग के तहत काम किया था।
वी फेंघे जहां 2018 से 2023 तक रक्षा मंत्री रहे, वहीं शांगफू ने उनके उत्तराधिकारी के रूप में कुछ ही महीने यह प्रभार संभाला। चीन के एयरोस्पेस इंजीनियर फेंघे ने पीपल्स लिबरेशन आर्मी की अति महत्वपूर्ण रॉकेट (मिसाइल) फोर्स का नेतृत्व किया था। उन्हें रक्षा मंत्री पद के लिए शी चिनफिंग ने स्वयं चुना था।
कोलकाता: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के आवास पर पहुंचे।
BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ के पार्थिव शरीर को मध्यमग्राम स्थित अस्पताल से उनके आवास पर लाया गया।
कोलकाता, पश्चिम बंगाल: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव कहते हैं, "बंगाल में जो हुआ है, उससे लोकतंत्र को खत्म करने का एक तरीका मिल गया है
सम्राट चौधरी के मंत्रीमंडल का विस्तार, निशांत समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड: CCTV फुटेज में घटना से कुछ घंटे पहले डोल्टाला के पास रथ का वाहन दिखाई दिया।
शुभेंदु के PA मर्डर केस में पुलिस का एक्शन, तीन आरोपी हिरासत में
पश्चिम बंगाल में चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में तीन स्थानीय हिस्ट्रीशटर से पूछताछ चल रही है. तीनों को हिरासत में लिया गया है.
चेन्नई: टीवीके प्रमुख विजय राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात के बाद लोकभवन से निकले
तिरुवनंतपुरम: AICC पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक CLP बैठक के लिए इंदिरा भवन रवाना हुए
चेन्नई - टीवीके प्रमुख विजय तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिलने लोकभवन पहुंचे
CLP बैठक से पहले, कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक VD सतीशन ने पार्टी पर्यवेक्षकों मुकुल वासनिक और अजय माकन से मुलाकात की।
उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल: उस जगह के दृश्य, जहाँ कल रात मध्यमग्राम के पास BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
तिरुवनंतपुरम: तिरुवनंतपुरम स्थित केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) मुख्यालय के बाहर के दृश्य, जहाँ आज कांग्रेस विधायकों की CLP बैठक होगी।
उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल - BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्र की कार को हत्या वाली जगह से हटाया गया
बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या, BJP का आरोप- अभिषेक बनर्जी ने कराई हत्या
बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की बुधवार (6 मई) रात कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी गई, बीजेपी ने आरोप लगाया है कि ये हत्या अभिषेक बनर्जी ने कराई है।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
