बड़ी खबर LIVE: प्रयागराज में राहुल का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, भारत समेत 5 देशों पर 100% टैरिफ, US की सीनेट में बिल पास
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज प्रयागराज के केपी इंटर कॉलेज मैदान पर शाम को दो घंटे छात्रों से संवाद करेंगे, वहीं US सीनेट ने रूस और उसके पेट्रोलियम उत्पादों के मुख्य खरीदारों (जैसे चीन और भारत) को सजा देने वाले बिल को भारी बहुमत से मंजूरी दे दी है।

उत्तर प्रदेश: कांवड़ यात्रा के लिए मेरठ के मोदीपुरम में सुरक्षा बढ़ाई गई।
जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग के डूरू में एक घर पर काउंटर-इंटेलिजेंस की छापेमारी। और जानकारी का इंतज़ार है।
आज की बड़ी खबरें
UP: संगम नगरी प्रयागराज में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज प्रयागराज के केपी इंटर कॉलेज मैदान पर शाम को दो घंटे छात्रों से संवाद करेंगे। प्रयागराज प्रतियोगी छात्रों का शहर है। राजस्थान और उत्तराखंड के बाद राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के सफल समापन के साथ संगम को मथने लिए कांग्रेस ने प्रयागराज को चुना है। शनिवार को यूपी के तकरीबन 25 जिलों के शहर व जिला अध्यक्ष समेत कांग्रेस के प्रदेश में सभी छह सांसद व कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।
राहुल गांधी शाम 6:30 से 8:30 बजे तक केपी इंटर कॉलेज मैदान पर छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। वह नीट के साथ आरओ/आरआरओ व अन्य भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दे के साथ भर्ती परीक्षाओं में हो रही देरी, भर्तियों में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी पर बात करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दो लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं।
भारत समेत 5 देशों पर लगेगा 100% टैरिफ, रूस पर प्रतिबंध; अमेरिका की सीनेट में बिल पास
US सीनेट ने रूस और उसके पेट्रोलियम उत्पादों के मुख्य खरीदारों (जैसे चीन और भारत) को सजा देने वाले बिल को भारी बहुमत से मंजूरी दे दी है। उनका तर्क है कि इस तरह का व्यापार यूक्रेन युद्ध को बढ़ावा देता है। इस बिल का नाम बदलकर ‘लिंडसे ओ। ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026’ कर दिया गया है और सीनेट ने इसे 86-11 वोटों से मंज़ूरी दी है। यह बिल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उन देशों के सामान पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की इजाजत देता है जो रूसी तेल और गैस के शीर्ष पांच आयातक हैं। फिलहाल चीन, भारत, अजरबैजान, हंगरी और स्लोवाकिया रूस से तेल और गैस के शीर्ष पांच आयातक हैं।
हमारी टीम सुबह 10 बजे सर्किट हाउस में बातचीत के लिए जाएंगे- छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो
रांची (झारखंड) में JPSC-JSSC उम्मीदवारों का विरोध-प्रदर्शन | छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो का कहना है, "टीम ने हमें बताया है कि हम सुबह 10 बजे सर्किट हाउस में बातचीत के लिए जाएंगे। अगर सरकार ने हमारी मांगें तब मान ली होतीं जब दूसरे छात्र उनसे मिले थे, तो हमें भी वहां जाने की ज़रूरत नहीं पड़ती। इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि हममें से कितने लोग उनसे मिलने जाते हैं। हम सभी की मांगें एक ही हैं, जिन्हें पूरा किया जाना चाहिए।"
