बड़ी खबर LIVE: 15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, यमन में जेल पर एयरस्ट्राइक, 7 लोगों की मौत
हिमाचल, उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के 15 से अधिक राज्यों में आज से भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। यमन में हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब पर एक जेल को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक करने का आरोप लगाया है।

ईरान ने नयी रक्षा रणनीति के संकेत दिए, कहा- खतरा पैदा होने से पहले करेंगे कार्रवाई
ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ जारी युद्ध के बीच अपनी सैन्य रणनीति में बदलाव के संकेत देते हुए कहा है कि वह किसी भी संभावित खतरे के पैदा होने से पहले ही उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा।
ईरान के सरकारी मीडिया ने बेहतर क्षमताओं वाली एक बैलिस्टिक मिसाइल का सोमवार को हवाला देते हुए इसे देश की रक्षा रणनीति में ‘‘निर्णायक मोड़’’ बताया।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में सरकारी टेलीविजन पर एक दिन पहले प्रसारित ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रेजाई की टिप्पणियों का बार-बार हवाला दिया गया। रेजाई ने ईरान की नयी मिसाइल क्षमता का दावा किया था और कहा था कि इसका एक अमेरिकी युद्धपोत के खिलाफ ‘‘परीक्षण’’ किया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं था कि जिस मिसाइल का परीक्षण किए जाने की बात कही गई, वह वही ठोस ईंधन वाली ‘कासेम बसीर’ मिसाइल थी, जिसका सोमवार की रिपोर्ट में जिक्र किया गया।
एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा राम मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में संभालेंगे कार्यभार
श्री राम मंदिर ट्रस्ट के नव नियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस महीने की शुरुआत में एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति ट्रस्ट की एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान अनुमोदित की गई, जिसमें मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी के चयन के लिए गठित चयन समिति की सिफारिशों पर विचार किया गया। उन्हें 5,000 से अधिक संभावित उम्मीदवारों में से शीर्ष पद के लिए चुना गया था।
बिहार के दानापुर में एक जंगली सूअर ने चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
यमन में जेल पर एयरस्ट्राइक, 7 लोगों की मौत
यमन में हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब पर एक जेल को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक करने का आरोप लगाया है। हूतियों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है. हमले में कम से कम 7 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
15 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर कई राज्यों में सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के 15 से अधिक राज्यों में आज से भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। बिहार और ओडिशा जैसे पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
