बड़ी खबर LIVE: इजराइल के हमलों का कड़ा जवाब मिलेगा, ईरान ने दी चेतावनी

ईरान ने चेतावनी दी है कि लेबनान में हिज़्बुल्लाह पर इजराइल के हमलों का कड़ा जवाब मिलेगा।

फाइल फोटो
i
user

नवजीवन डेस्क

09 Apr 2026, 10:44 PM

नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। उनके राज्यसभा जाने के साथ बिहार में नयी सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा।

कुमार बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे और हवाई अड्डे पर जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा सहित पार्टी के नेताओं ने उनका स्वागत किया। कुमार ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं यहां शपथ लेने आया हूं।’’

09 Apr 2026, 9:45 PM

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के अंदर लगी आग

मुंबई के विलेपार्ले में डोमेस्टिक एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 में लगी आग गई है। फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां पहुंची हैं।

09 Apr 2026, 8:10 PM

डोनाल्ड ट्रंप को खुद नहीं पता कि वह क्या करने वाले हैं : उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भरोसा नहीं किया जा सकता। शायद उन्हें खुद भी नहीं पता कि वे क्या करने वाले हैं।

मीडिया से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा, "शायद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुद भी नहीं पता कि वह क्या कर रहे हैं। वह सुबह कुछ कहते हैं, दोपहर में कुछ और शाम को कुछ और ही बोलते हैं।"

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने पहले भी कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भरोसा नहीं किया जा सकता। ट्रंप सोशल मीडिया पर ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जो किसी को भी शोभा नहीं देती और यह अमेरिका के राष्ट्रपति के लिए बिल्कुल भी उचित नहीं है।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "बोलने से पहले उन्हें याद रखना चाहिए कि वे अमेरिका के राष्ट्रपति हैं। अगर हम सोशल मीडिया पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल करें, तो हमें ब्लॉक कर दिया जाएगा या प्लेटफॉर्म से हटा दिया जाएगा। उन्हें इसलिए बर्दाश्त किया जा रहा है, क्योंकि वे अमेरिका के राष्ट्रपति हैं।"

उन्होंने कहा कि ट्रंप को सबसे पहले दुनिया को यह स्पष्ट करना चाहिए कि पश्चिम एशिया में युद्ध क्यों शुरू किया गया। ईरान ने इस युद्ध की शुरुआत नहीं की थी। यह संघर्ष ईरान पर थोप दिया गया था।


09 Apr 2026, 7:13 PM

अररिया में दो लोगों की नृशंस हत्या पर तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा, बोले- बिहार की भयावह हालत

बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में गुरुवार को एक दुकानदार द्वारा एक चालक की नृशंस हत्या और फिर हत्या के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार पर सियासी हमला बोला है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार के हालात भयावह हैं। अररिया जिले के फारबिसगंज में एक शख्स ने सरेआम, बीच बाजार, दूसरे शख्स का गला काट दिया और सैकड़ों लोगों के बीच उसका सिर लेकर घूमता रहा। उन्होंने कहा कि बाद में मृतक के परिजनों ने हत्या करने वाले को ढूंढकर उसकी भी हत्या कर दी। पुलिस भी कानून व्यवस्था को संभालने की जगह जान बचाती दिखी।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि चौपट राज की इससे बड़ी तस्वीर क्या हो सकती है? उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अररिया की घटना को लेकर लिखा, "यह घटना साफ दिखा रही है कि बिहार में कानून व्यवस्था किस हद तक बदहाल हो चुकी है। सत्ताधारी भाजपा-जदयू के नेता ‘सीएम चेयर’ के खेल में लगे हैं और बिहार में हर दिन लूट, हत्या, अपराध और बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।"

09 Apr 2026, 6:01 PM

लेबनान में हिजबुल्ला पर इजराइल के हमलों का कड़ा जवाब दिया जायेगा: ईरान

ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कालिबाफ ने बृहस्पतिवार को चेतावनी दी कि यदि लेबनान में हिजबुल्ला पर इजराइल के हमले जारी रहे तो इसके ‘‘स्पष्ट नतीजे सामने आयेंगे और कड़ा जवाब दिया जायेगा।’’

कालिबाफ ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में यह चेतावनी दी। उन्होंने अन्य ईरानी अधिकारियों की तरह इस बात पर जोर दिया कि दो सप्ताह का युद्धविराम लेबनान में भी लागू होता है, जिसे इजराइल और अमेरिका दोनों ने नकार दिया है।


09 Apr 2026, 4:54 PM

गाजीपुर में बस पलटने से दो महिलाओं की मौत, 46 अन्य यात्री घायल

गाजीपुर जिले में बृहस्पतिवार को वाराणसी–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार एक बुजुर्ग महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई और 46 अन्य यात्री घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि महाराष्ट्र के पर्यटकों की बस नेपाल से लौटकर काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी जा रही थी तभी नंदगंज थाना क्षेत्र के नेसारा गांव के पास वह अनियंत्रित होकर पलट गई।

09 Apr 2026, 3:13 PM

हरियाणा: गुरुग्राम के मानेसर में कई कंपनियों के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसमें उन्होंने पुलिस के वाहनों और कंपनी की संपत्ति में तोड़फोड़ की। वे अपने वेतन में बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे।


09 Apr 2026, 1:13 PM

मथुरा जंक्शन के पास चलती राजधानी एक्सप्रेस में बी-1 और बी-4 कोच में लगी आग

मथुरा में चलती ट्रेन में आग लग गई। जनसंपर्क क्रांति के कोच नम्बर बी 1और बी 4 में ये दुर्घटना हुई। आग लगने से यात्रियों में हड़कम मच गया। मथुरा जंक्शन के पास ट्रेन को रोक दिया गया। ट्रेन से तेज धुआं देख यात्रियों में मची खबली, दिल्ली से हैदराबाद जाते समय राजधानी एक्सप्रेस में घटना हई।

09 Apr 2026, 11:29 AM

तेलंगाना- मेडचल-मलकाजगिरी ज़िले के जीदीमेटला में एक सॉल्वेंट इंडस्ट्री में आग लग गई।


09 Apr 2026, 10:32 AM

घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट 

घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले सत्र की शानदार तेजी के बाद बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में नए सिरे से तनाव बढ़ने और संभावित युद्धविराम उल्लंघन की आशंकाओं के बीच निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 243.57 अंक टूटकर 77,319.33 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 88.3 अंक फिसलकर 23,909.05 अंक पर रहा। हालांकि बाद में इनमें और गिरावट आई। बीएसई सेंसेक्स 728.93 अंक फिसलकर 76,833.97 अंक पर और निफ्टी 189.55 अंक टूटकर 23,821.45 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, अदाणी पोर्ट्स, इंटरग्लोब एविएशन, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील और पावर ग्रिड के शेयर में तेजी रही।

09 Apr 2026, 10:30 AM

ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य ताकत तब तक बनी रहेगी जब तक असली समझौता नहीं हो जाता-ट्रंप


09 Apr 2026, 10:28 AM

होर्मुज पर तनाव और युद्धविराम की आशंकाओं के चलते कच्चे तेल की कीमतों में आई 4 प्रतिशत तक की तेजी

वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गुरुवार को तेज उछाल देखने को मिला। पश्चिम एशिया से तेल सप्लाई पूरी तरह बहाल न होने की आशंका और अमेरिका-ईरान के बीच हुए दो हफ्ते के सीजफायर पर बने संदेह के चलते बाजार में चिंता बढ़ गई है, जिससे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य पर प्रतिबंध जारी रहने की आशंका है।

अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा सुबह के समय 3.31 प्रतिशत बढ़कर 97.89 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। वहीं डब्ल्यूटीआई क्रूड 4.2 प्रतिशत उछलकर 98.38 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था।

पिछले दिन यानी बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में 20 प्रतिशत तक गिरावट आई थी और यह 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया था, क्योंकि ऐसी उम्मीदें थीं कि अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर से तनाव कम होगा और होर्मुज स्ट्रेट फिर से खुल जाएगा।

09 Apr 2026, 10:01 AM

रुपया शुरुआती कारोबार में 17 पैसे टूटकर 92.71 प्रति डॉलर पर

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे टूटकर 92.71 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

युद्धविराम के बावजूद इजराइल के लेबनान पर बमबारी जारी रखने की स्थिति में ईरान के वार्ता से बाहर निकलने की धमकी ने निवेशकों को चिंतित कर दिया है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया में स्थिति नाजुक बनी रहने से बाजार मजबूत रुख अपनाने के बजाय ‘प्रतीक्षा करो और देखो’ की स्थिति में हैं।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.63 पर खुला। फिर शुरुआती कारोबार में 92.71 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे की गिरावट दर्शाता है।

रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.54 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.03 पर रहा।


09 Apr 2026, 9:57 AM

जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा में एक बस स्टैंड पर आग लग गई, सात बसें क्षतिग्रस्त हो गईं।  

09 Apr 2026, 7:56 AM

एनआईए ने मालदा प्रकरण को लेकर 12 प्राथमिकी दर्ज कीं

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के मालदा में मतदात सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में शामिल न्यायिक अधिकारियों के घेराव से जुड़ी घटना की जांच के लिए बुधवार को 12 प्राथमिकी दर्ज कीं।

एनआईए ने यह कदम उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद उठाया।

देर रात जारी एक बयान में एनआईए ने कहा कि उसने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबारी थाने की सात प्राथमिकी और कालीचक थाने की पांच प्राथमिकी को जांच के लिए फिर से पंजीकृत किया है।


09 Apr 2026, 7:51 AM

हिजबुल्ला पर हमले के बाद ईरान ने फिर बंद किया होर्मुज जलडमरूमध्य

लेबनान में उग्रवादी समूह हिजबुल्ला के खिलाफ इजरायल के हवाई हमलों के बाद ईरान ने बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को एक बार फिर बंद कर दिया। इस बीच, अमेरिका ने ईरान से वैश्विक तेल परिवहन के लिए अहम इस जलमार्ग को तत्काल फिर से खोलने की मांग की। 

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia