बड़ी खबर LIVE: टाइगर श्रॉफ हमला मामले के तीन मुख्य आरोपियों को कोटा से मुंबई लाया गया, दशहरा के बाद दिल्ली में मौसम बदला
टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पकड़े गए तीन प्रमुख आरोपियों को बुधवार तड़के राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया ,वहीं दशहरा खत्म होते ही दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग नजर आने लगा है

टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी : तीन प्रमुख आरोपियों को कोटा से मुंबई लाया गया
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में पकड़े गए तीन प्रमुख आरोपियों को बुधवार तड़के राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस तीनों आरोपियों को सड़क मार्ग से कोटा से मुंबई लेकर आई और यहां पहुंचते ही अनिवार्य चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें जीटी अस्पताल ले जाया गया।
शीतल और पायल की जोड़ी को कंपाउंड महिला युगल में रजत
शीतल देवी और पायल नाग की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने बुधवार को यहां एशियाई पैरा खेलों में फाइनल में हारने के कारण रजत पदक हासिल किया।
जन्म से ही बिना हाथों वाली शीतल तथा हाथ और पांव से दिव्यांग पायल स्वर्ण पदक के मुकाबले में चीन की जू ज़ुएक़िंग और झाओ जिंग से 141-150 से हार गईं।
भारतीय खिलाड़ी शुरू से ही चीन की खिलाड़ियों के सामने संघर्ष करती हुई दिखी। शीतल ने बेहतर खेल दिखाया और उन्होंने चार 10 अंक हासिल किए लेकिन पायल उनकी तरह प्रदर्शन नहीं कर पाई। उन्होंने अपने अंतिम तीर पर सात अंक बनाए। इससे पहले वह केवल नौ और आठ अंक ही हासिल कर पाईं थी।
पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता की हत्या की जांच सीबीआई ने अपने हाथ में ली; प्राथमिकी दर्ज
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच अपने हाथ में ले ली है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों की एक टीम हत्या के सभी पहलुओं की जांच के लिए पंजाब पहुंच चुकी है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को घोषणा की थी कि इस घटना की जांच सीबीआई से कराई जाएगी।
मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘हम मादक पदार्थ के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले परविंदर सिंह झोटा के पिता और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। परिवार की मांग को स्वीकार करते हुए हम इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप रहे हैं। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ हमारी जंग पूरी ताकत से जारी है। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए हमें जो भी कड़े कदम उठाने पड़ेंगे, हम उनसे पीछे नहीं हटेंगे।’’
दशहरा के बाद दिल्ली में मौसम बदला
दशहरा खत्म होते ही दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग नजर आने लगा है। बुधवार सुबह दिल्ली के कई इलाकों में हल्का कोहरा दिखाई दिया। अक्षरधाम के पास CWG अपार्टमेंट्स के नजदीक बायोडायवर्सिटी पार्क में घना कोहरा रहा, जबकि राजधानी के दूसरे हिस्सों में भी सुबह के समय धुंध की हल्की परत देखने को मिली।
टाइगर श्रॉफ पर हमला मामले में यूपी की दो युवतियों समेत चार और गिरफ्तार
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच कर रही पुलिस की टीम ने दो महिलाओं समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभिनेता पर गोली चलाने के मामले में दिल्ली पुलिस की टीम ने इस अहम कार्रवाई को अंजाम दिया। चार लोगों को दिल्ली पुलिस की टीम ने गिरफ्तार करने के बाद महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को तीन दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र पुलिस के हवाले किया गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
