दिल्ली: आज घर से निकलने से पहले जान लें ये ट्रैफिक बदलाव, ब्रिक्स सम्मेलन के चलते 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित
ब्रिक्स सम्मेलन का आज आखिरी दिन है। दिल्ली में सुबह 8 से रात 8 बजे तक 22 जगह यातायात डायवर्जन और 35 से ज्यादा सड़कों पर आवाजाही नियंत्रित रहेगी।

भारत मंडपम में चल रहे दो दिवसीय ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और आखिरी दिन है। सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने राजधानी में वाहनों की आवाजाही को लेकर विस्तृत सलाह जारी की है। इसके तहत 22 जगहों पर यातायात का मार्ग बदला जाएगा, जबकि 35 से ज्यादा सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। यह व्यवस्था सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी।
मध्य और दक्षिण दिल्ली के कई प्रमुख मार्ग प्रभावित
यातायात पुलिस के मुताबिक, मध्य और दक्षिण दिल्ली के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर रविवार को वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड और तीस जनवरी मार्ग शामिल हैं।
इसके अलावा राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग पर भी यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
इन प्रमुख सड़कों पर भी रहेगा यातायात नियंत्रण
यातायात पुलिस की सलाह के अनुसार, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर और नीति मार्ग भी प्रभावित होने वाले मार्गों में शामिल हैं।
इसके साथ ही पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। यातायात संबंधी यह व्यवस्था रविवार सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
