BRICS Summit Delhi 2026: दिल्लीवालों घर से निकलने से पहले देख लें रूट, इन रास्तों पर भूलकर भी न जाएं
भारत मंडपम के आसपास के कुछ इलाकों को आम वाहनों की आवाजाही के लिए प्रतिबंधित रखा जाएगा। इसके अलावा सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और लुटियंस दिल्ली के कई प्रमुख कॉरिडोर को भी नियंत्रित मार्गों की श्रेणी में रखा गया है।

नई दिल्ली में 18वें BRICS लीडर्स समिट को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को होने वाले सम्मेलन के मद्देनजर सेंट्रल दिल्ली और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ये पाबंदियां सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक लागू रहेंगी। इनका मुख्य उद्देश्य राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी प्रतिनिधियों की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करना है।
भारत मंडपम के आसपास आवाजाही पर रोक
निर्धारित समय के दौरान भारत मंडपम के आसपास के कुछ इलाकों को आम वाहनों की आवाजाही के लिए प्रतिबंधित रखा जाएगा। इसके अलावा सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और लुटियंस दिल्ली के कई प्रमुख कॉरिडोर को भी नियंत्रित मार्गों की श्रेणी में रखा गया है।
इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, इंडिया गेट गोल चक्कर, मथुरा रोड और भैरों मार्ग से जुड़े प्रमुख हिस्से शामिल हैं।
कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्ट
आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने कई डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं। इन जगहों से वाहनों को रिंग रोड और अन्य प्रमुख वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली पुलिस ने लोगों को ट्रैफिक जाम और रास्तों पर संभावित रुकावट से बचने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट, खासकर दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एडवाइजरी में लोगों से डायवर्जन रूट और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है। हालांकि, प्रतिबंधों के दौरान इमरजेंसी और जरूरी सेवाओं के वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।
12-13 सितंबर को होगा BRICS Summit
भारत अपनी 2026 BRICS चेयरशिप के तहत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें BRICS लीडर्स समिट की मेजबानी कर रहा है। इस साल भारत ने समिट की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी है। सम्मेलन में विकास, स्थिरता और नवाचार जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया जाएगा।
BRICS में वर्तमान में 11 देश-ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) शामिल हैं। इन देशों के प्रतिनिधि इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
