इंग्लैंड में एक महीने का लॉकडाउन, पुर्तगाल-ऑस्ट्रिया ने भी किया ऐलान, यूरोप के कई देशों में कोरोना की लहर तेज़

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने शनिवार रात पूरे देश में एक महीने के लॉकडाउन का ऐलान कर दिया। उधर पुर्तगाल ने भी 4 सप्ताह के लिए लॉकडाउन की पाबंदियां जारी कर दी। पूरे यूरोप में कोरोना की लहर तेज़ होने के बाद कई देशों ने यह कदम उठाया है।

बोरिस जॉनसन ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट (प्रधानमंत्री आवास) पर हुई एक प्रेस कांफ्रेंस में लॉकडाउन का ऐलान किया
बोरिस जॉनसन ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट (प्रधानमंत्री आवास) पर हुई एक प्रेस कांफ्रेंस में लॉकडाउन का ऐलान किया
user

नवजीवन डेस्क

ब्रिटेन में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, इसे देखते हुए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पूरे इंग्लैंड में दो दिसंबर तक लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। एक महीने का लॉकडाउन घोषित करने से पहले बोरिस जॉनसन ने अपने मंत्रिमंडल के साथ लंबी बैठक की। बैठक में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ने पर चिंता जताते हुए लॉकडाउन का फैसला लिया गया।

लॉकडाउन से पहले लिस्बन की एक तस्वीर
लॉकडाउन से पहले लिस्बन की एक तस्वीर

पुर्तगाल में भी आंशिक लॉकडाउन का ऐलान

उधर पुर्तगाल में भी सरकार ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद देश भर में आंशिक लॉकडाउन का ऐलान कर दिया। सरकार ने लोगों को सलाह दी है कि सिर्फ जरूरी काम के लिए ही घर से निकलें, साथ ही कंपनियों को निर्देश दिया है कि जितना संभव हो कर्मचारियों को दफ्तर न बुलाकर वर्क फ्रॉम होन करवाया जाए। पुर्तगाल में लॉकडाउन 4 नवंबर से लागू होगा।


लॉकडाउन का ऐलान करते ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेस्टियन कर्ट्ज
लॉकडाउन का ऐलान करते ऑस्ट्रिया के चांसलर सेबेस्टियन कर्ट्ज

ऑस्ट्रिया में भी 4 सप्ताह का लॉकडाउन

इसके अलावा ऑस्ट्रिया ने भी मंगलवार से चार सप्ताह के लिए आंशिक लॉकडाउन की घोषणा की है। आंशिक लॉकडाउन के दौरान रेस्तरां और बार चार सप्ताह के लिए बंद रहेंगे और सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य गतिविधियां भी रद्द रहेंगी। साथ ही लोगों को रात आठ बजे के बाद घरों में ही रहने को कहा गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia