ब्रिटेनः प्रिंस हैरी और मेगन पूरी तरह राजशाही से होंगे अलग, सारे पद और सैन्य खिताब भी छोड़ेंगे

वर्तमान में प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन अमेरिका में रह रहे हैं। मेगन अभी गर्भवती हैं और अपने दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। पहले बच्चे के बाद उन्हें दर्दनाक गर्भपात की पीड़ा झेलनी पड़ी थी। इसी के बाद से दंपति शाही समारोहों और तामझाम से दूर रहने लगे।

फोटोः IANS
फोटोः IANS
user

नवजीवन डेस्क

ब्रिटेन के शाही राजघराने के कार्यालय बकिंघम पैलेस ने पुष्टि की है कि ससेक्स के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल अब शाही कर्तव्यों की ओर नहीं लौटेंगे और हैरी अपने सभी मानद सैन्य खिताबों को भी त्याग देंगे। गौरतलब है कि मार्च, 2020 में हैरी और मेगन पूर्णकालिक शाही जीवन से दूर चले गए थे।

तब से उनकी भूमिकाओं पर मीडिया की पैनी नजर थी और यह सहमति व्यक्त की गई थी कि एक साल बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी। और अब एक साल गुजर जाने के बाद रॉयल पैलेस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि शाही दंपति हैरी और मेगन, जिन्हें ड्यूक एंड डचेस ऑफ ससेक्स के रूप में भी जाना जाता है, ने सत्यापित किया है कि वे शाही परिवार के कामकाजी सदस्यों के रूप में वापस नहीं आएंगे।

बता दें कि वर्तमान में प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन, दोनों अमेरिका में हैं। वे लॉस एंजेलिस में शिफ्ट हो गए थे। मेगन अभी गर्भ से हैं और अपने दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। इससे पहले उनके पहले बच्चे प्रिंस आर्ची के जन्म के बाद उन्हें दर्दनाक गर्भपात की पीड़ा झेलनी पड़ी थी। इसी के बाद से दंपति ज्यादातर एकांत और तामझाम से दूर रहने लगे।

रॉयल पैलेस के बयान में यह भी कहा गया है कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने अपने 36 वर्षीय पोते से बात की है और पुष्टि की है कि शाही परिवार के काम से दूर जाने के बाद, सार्वजनिक सेवा के जीवन के साथ आने वाली जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को जारी रखना संभव नहीं है। पैलेस ने कहा है कि हैरी की रॉयल मरीन के कप्तान जनरल के रूप में नियुक्ति और अन्य सैन्य समूहों के खिताबों को शाही परिवार के अन्य सदस्यों को वितरित किए जाने से पहले रानी को वापस कर दिया जाएगा।

प्रिंस हैरी ने एक दशक तक ब्रिटिश सेना में सेवा की। इसके अलावा उन्होंने अफगानिस्तान में अग्रिम मोर्चे पर भी सेवा दी है। वह सेना के साथ एक करीबी संबंध रखते हैं। उन्होंने घायल सैनिकों के लिए इनविक्टस गेम्स प्रतियोगिता का आयोजन किया था। यह पहली बार 2014 में लंदन के क्वीन एलिजाबेथ ओलंपिक पार्क में आयोजित की गई थी और यह बेहद लोकप्रिय है।

ताजा हलचलों के बीच इन्विक्टस गेम्स फाउंडेशन ने कहा कि हैरी इसके संरक्षक बने रहेंगे। वह रग्बी फुटबाल यूनियन, रग्बी फुटबाल लीग और लंदन मैराथन चैरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक के रूप में पद छोड़ रहे हैं। इसके साथ ही 39-वर्षीय मेगन को ब्रिटेन के नेशनल थिएटर और एसोसिएशन ऑफ कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटीज के संरक्षक के रूप में उनकी भूमिका से हटा दिया जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia