सुशांत के भाई ने देर से एफआईआर का कारण बताया, सदमे में था परिवार, उबरने पर लिया फैसला

पटना के रहने वाले सुशांत सिंह ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में 14 जून को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अब तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है, जिनमें महेश भट्ट, संजय लीला भंसाली जैसी बड़ी हस्तियां शामिल हैं।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

बिहार के रहने वाले दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में पटना में उनके पिता के के सिंह द्वारा दर्ज प्राथमिकी के बाद सुशांत के चचेरे भाई ने देर से एफआईआर का कारण बताया है। सुशांत के चचेरे भाई और छातापुर के पूर्व विधायक नीरज कुमार सिंह ने बताया परिवार सदमे से अब जाकर थोड़ा उबरा है, तब एफआईआर किया गया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद कुछ बातें पता चलीं, तो प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

बीजेपी के पूर्व विधायक नीरज सिंह ने कहा, "घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में था, अब जब कुछ उबरा है, तब कई बातें सामने आईं, जिसके बाद पटना के राजीवनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस की टीम मुंबई भी गई है और जांच कर रही है।" उन्होंने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग करने वालों का स्वागत करते हुए कहा कि जो भी मांग कर रहे हैं, उनका स्वागत है। हालांकि उन्होंने पुलिस पर भरोसे के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि “विश्वास है, तभी तो प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।”

गौरतलब है कि पटना के राजीवनगर थाना में सुशांत के पिता के के सिंह द्वारा दर्ज प्राथमिकी में सुशांत की दोस्त रिया चक्रवर्ती के अलावे इंद्रजीत चक्रवर्ती, संध्या चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, सैमुअल मिरिंडा, श्रुति मोदी और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, बेइमानी, बंधक बनाकर रखने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। प्राथमिकी में रिया पर सुशांत के एटीएम कार्ड, पासवर्ड, बैंक से जुड़े दस्तावेज ले जाने का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि रिया ने सुशांत के रुपये गबन कर लिए।

पटना के रहने वाले सुशांत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में 14 जून को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। सुशांत काफी कम समय में बॉलीवुड में सफल अभिनेताओं में शामिल हो चुके थे। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर बनी फिल्म 'एम एस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी' में इनकी भूिमका काफी चर्चित रही थी।

सुशांत की आत्महत्या को लेकर कई संगठनों और राजनीतिक दलों ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है। हालांकि, मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अब तक कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है, जिनमें महेश भट्ट, संजय लीला भंसाली, आदित्य चोपड़ा और करण जौहर की कंपनी के मैनेजर जैसी बड़ी हस्तियों से पूछताछ हो चुकी है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia