BSP प्रमुख मायावती की माता का निधन, दिल्ली में रविवार को होगा अंतिम संस्कार

मायावती की माता रामरती देवी बेहद पारिवारिक महिला थीं। उन्होंने कड़ी मेहनत से बच्चों का पोषण किया। वह लम्बे समय से बीमार थीं और चार दिन पहले ही उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मायावती के पिता प्रभुदयाल ने बीते वर्ष 19 नवंबर को अंतिम सांस ली थी।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
फाइल फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की अध्यक्ष मायावती की माता रामरती देवी का शनिवार को निधन हो गया। मां के अंतिम दर्शन करने के लिए मायावती नई दिल्ली रवाना हो गई हैं। नई दिल्ली में स्वर्गीय रामरती देवी की पार्थिव देह अंतिम दर्शन के लिए रखी गई है। मायावती की माता के निधन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने दु:ख जताया है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि अति दुख के साथ यह सूचित किया जाता है कि बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री बहन मायावती की पूज्य माता रामरती का लगभग 92 वर्ष की उम्र में आज हॉस्पिटल में हृदय गति रुकने से स्वर्गवास हो गया है। कुदरत सभी को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। उनका अंतिम संस्कार मायावती के दिल्ली पहुंचने और परिवार के एकत्र होने पर रविवार को किया जाएगा।


मायावती की माता रामरती देवी बेहद पारिवारिक महिला थीं। उन्होंने कड़ी मेहनत से बच्चों का पोषण किया। वह इतनी उम्र होने के बाद भी परिवार और बच्चों के बीच में ही रहना पसंद करती थीं। वह लम्बे समय से बीमार थीं और चार दिन पहले ही उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीएसपी प्रमुख मायावती के पिता प्रभुदयाल ने बीते वर्ष 19 नवंबर को अंतिम सांस ली थी। स्वर्गीय प्रभुदयाल का 95 वर्ष की आयु में निधन हुआ था।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीएसपी मुखिया मायावती की माता के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती जी की पूज्य माताजी श्रीमती रामरती जी का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने भी दुख जताते हुए लिखा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती जी की माता रामरती जी का देहावसान, अत्यंत दुखद। दिवंगत आत्मा को ईश्वर अपने श्री चरणों में स्थान दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */