उपचुनाव: बिहार के मोकामा और गोपालगंज में मतदान जारी, पहले 2 घंटे में 10 फीसदी हुई वोटिंग

मोकामा विधानसभा उपचुनाव में, जहां कुल 6 प्रत्याशी मैदान में हैं, वहीं गोपालगंज में 9 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मोकामा में कुल मतदाताओं की संख्या 2,81,251 है जबकि गोपालगंज में 3,31,469 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

बिहार में विधानसभा की दो सीटों मोकामा और गोपालगंज पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण मतदान जारी है। मोकामा और गोपालगंज में हो रहे उपचुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। मतदान के पहले दो घंटे में करीब 10 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। बिहार निर्वाचन विभाग के मुताबिक, पहले दो घंटे में 10.38 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। सुबह नौ बजे तक गोपालगंज में 9.37 प्रतिशत और मोकामा में 11.57 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस दौरान, कही से बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

दोनों विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के मताधिकार के प्रयोग के लिए कुल 619 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें गोपालगंज में 330 मतदान केंद्र और मोकामा में 289 मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

मोकामा विधानसभा उपचुनाव में, जहां कुल 6 प्रत्याशी मैदान में हैं, वहीं गोपालगंज में 9 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मोकामा में कुल मतदाताओं की संख्या 2,81,251 है जबकि गोपालगंज में 3,31,469 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

दोनों सीटों पर मतदाता शाम छह बजे तक अपने मत डाल सकेंगे। बिहार में सरकार बदलने के बाद पहला उपचुनाव है, जिस कारण सभी की नजर इस चुनाव पर लगी है। दोनों सीटों पर मुख्य मुकाबला महागठबंधन और भाजपा के बीच माना जा रहा है।


गोपालगंज में भाजपा के विधायक और बिहार सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री सुभाष सिंह का असामयिक निधन होने से यह सीट रिक्त हो गई थी। वहीं, मोकामा के तत्कालीन विधायक अनंत सिंह को अवैध हथियार रखने के मामले में सजा होने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म हो गई थी। मोकामा में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी तो गोपालगंज में सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी मैदान में हैं। दोनों सीटों के लिए मतों की गिनती 6 नवंबर को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia