यूपी कांग्रेस अध्यक्ष समेत 500 से ज्यादा लोगों पर केस दर्ज, प्रियंका गांधी के मौन धरने के खिलाफ कार्रवाई

शुक्रवार को लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी का जीपीओ पार्क में गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम था, जिसके बाद वह यूपी में ध्वस्त कानून-व्यवस्था और पंचायत चुनाव में हिंसा समेत विभिन्न मुद्दों के खिलाफ प्रतिमा के सामने ही मौन धरने पर बैठ गई थीं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा लखनऊ में गांधी प्रतीमा पर मौन धरना देने के मामले में यूपी पुलिस ने हजरतगंज कोतवाली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी और दिलप्रीत समेत 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन को लेकर मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में सचिवालय चौकी इंचार्ज बृजेश गिरी की तहरीर के आधार पर सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि इस मुकदमे में प्रियंका गांधी का नाम नहीं शामिल है।

शुक्रवार को लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी का जीपीओ पार्क में गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण का कार्यक्रम था, जिसके बाद वह प्रतिमा के सामने यूपी में ध्वस्त कानून-व्यवस्था, पंचायत चुनाव में हिंसा और महिला उत्पीड़न समेत विभिन्न मुद्दों के खिलाफ मौन धरने पर बैठ गईं। पुलिस ने जब ऐसा करने से रोकने की कोशिश की तो प्रियंका गांधी ने मौन रखते हुए ही कागज पर लिख कर दिया कि "कोविड तो पंचायत चुनाव के समय भी था।"


यूपी पुलिस का आरोप है कि लखनऊ में धारा 144 लागू होने के बावजूद कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत सैकड़ों कार्यकतार्ओं के साथ जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष मौन धरना दिया था। इस दौरान उन लोगों ने प्रतिबंध और कोविड प्रोटोकॉल की कोई परवाह नहीं की। लखनऊ पुलिस ने इसे गंभीर मानते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी सहित 500 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

इस मुकदमे में प्रियंका गांधी का नाम नहीं शामिल है, जबकि उनके आगवानी को लेकर कांग्रेस नेताओं की भीड़ जुटी थी। शुक्रवार को तीन दिवसीय यूपी दौरे पर पहुंचने पर लखनऊ एयरपोर्ट से प्रियंका गांधी सीधे जीपीओ पर गांधी प्रतिमा पहुंची थीं। माल्यार्पण के बाद उन्होंने वहीं कुछ देर तक मौन धरना दिया और फिर वहां से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय रवाना हो गई थीं। पुलिस ने बिना किसी सूचना के धरने पर बैठने, कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं करने और रोड जाम कर सामान्य यातायात प्रभावित करने का आरोप लगाया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia