हेलिकॉप्टर क्रैश में CDS बिपिन रावत की मौत, हादसे में उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की गई जान, वायु सेना ने की पुष्टि

सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 14 लोगों को लेकर जा रहे हेलीकॉप्टर में क्रैश के बाद आग लग गई थी, जिससे उसमें सवार कई अधिकारी बुरी तरह झुलस गए थे। सभी को आननफानन में सेना अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, अब 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

तमिलनाडु में कुन्नूर के पास बुधवार सुबह सेना के हेलीकॉप्टर क्रैश में देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की मौत हो गई है। इस हादसे में उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 13 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस हादसे में एयर फोर्स के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह बुरी तरह घायल हैं। सेना के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। वायु सेना और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिपिन रावत समेत सभी 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

तमिलनाडु के कुन्नूर के पास बुधवार दिन में सेना का एक वीवीआईपी हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था, जिसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 14 लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर क्रैश के बाद उसमें आग लग गई थी, जिसमें उसमें सवार कई अधिकारी बुरी तरह झुलस गए थे। सभी को आननफानन में सेना अस्पताल ले जाया गया था। शुरुआत में सीडीएस बिपिन रावत की हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। हालांकि, अब उनकी मौत की पुष्टि हो गई है।


हादसे का शिकार हुए सेना के इस हेलीकॉप्टर में सेना के कई अधिकारी मौजूद थे। इसमें सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के अलावा सेना के ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह मौजूद थे। इनके अलावा उसमें नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक बी.साई तेजा और हवलदार सतपाल भी मौजूद थे।

ये सभी भारतीय सेना के Mi-17V5 हेलीकॉप्टर पर सवार थे, जो सेना के सबसे सुरक्षित हेलीकॉप्टरों में से एक है। किसी भी वीवीआईपी दौरे में इसी हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जाता है। यह एक डबल इंजन वाला हेलीकॉप्टर है, जिससे एक इंजन में खराबी आने पर दूसरे इंजन के सहारे सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सकती है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 08 Dec 2021, 6:43 PM