दवा खाने से पहले चेक कर लें नाम! सरकारी जांच में 324 दवाएं गुणवत्ता मानकों पर फेल, एक नकली भी निकली

देश में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर CDSCO की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। रिपोर्ट में कुछ जानी-पहचानी दवाओं को लेकर भी सवाल उठे हैं।

फोटो: IANS
i
  • केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की अक्टूबर की जांच में 324 दवाएं गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरीं, जबकि एक दवा नकली पाई गई।

  • जांच में Pregabalin कैप्सूल, Oxytocin इंजेक्शन और Albendazole टैबलेट के नमूने भी फेल हुए हैं।

  • केंद्रीय प्रयोगशालाओं में जांचे गए 37 नमूने और विभिन्न राज्यों की प्रयोगशालाओं में जांचे गए 287 नमूने गुणवत्ता परीक्षण में विफल रहे।

  • असम में एक दवा के नकली होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इसे दूसरी कंपनी के ब्रांड नाम से अनधिकृत निर्माता बना रहे थे।

देश में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली जानकारी सामने आई है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की अक्टूबर महीने की निगरानी जांच में 324 दवाओं के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इतना ही नहीं, जांच में एक दवा नकली भी पाई गई है। गुणवत्ता जांच में फेल होने वाली दवाओं में Pregabalin कैप्सूल, प्रसव के दौरान इस्तेमाल होने वाला Oxytocin इंजेक्शन और पेट के कीड़ों की दवा Albendazole भी शामिल हैं। ड्रग रेगुलेटर की बुधवार को जारी रिपोर्ट में इन नमूनों के बारे में जानकारी दी गई है।

Pregabalin, Oxytocin और Albendazole के नमूने भी जांच में फेल

CDSCO की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में गुणवत्ता परीक्षण में फेल हुए 324 नमूनों में से 37 की जांच केंद्रीय औषधि प्रयोगशालाओं में हुई थी, जबकि 287 नमूनों को अलग-अलग राज्यों की प्रयोगशालाओं ने जांच के बाद मानकों के अनुरूप नहीं पाया। जिन दवाओं के नमूने फेल हुए हैं, उनमें सिग्नेचर फाइटोकेमिकल इंडस्ट्रीज की Pregabalin कैप्सूल IP 300 mg, Bio Medica Laboratories Limited का Oxytocin इंजेक्शन IP और Ultra Drugs Private Limited की Albendazole टैबलेट IP 400 mg शामिल हैं।

रिपोर्ट में इन तीनों दवाओं के नमूनों में अलग-अलग कमियां बताई गई हैं। Pregabalin के नमूने में वजन की एकरूपता और दवा में Pregabalin की निर्धारित मात्रा से जुड़े परीक्षण पूरे नहीं हुए। वहीं, प्रसव के दौरान इस्तेमाल होने वाले Oxytocin इंजेक्शन का नमूना Indian Pharmacopoeia (IP) 2022 के स्टेरिलिटी यानी संक्रमण-मुक्त होने के मानक पर खरा नहीं उतरा। इसके अलावा, Albendazole टैबलेट का नमूना डिसॉल्यूशन टेस्ट में फेल हुआ। यह परीक्षण दवा के घुलने से संबंधित होता है।


असम में एक दवा नकली मिली, जांच के बाद होगी कार्रवाई

गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली 324 दवाओं के अलावा असम के राज्य औषधि लाइसेंसिंग प्राधिकरण ने एक दवा को नकली के रूप में चिह्नित किया है। रिपोर्ट के अनुसार, आरोप है कि अनधिकृत निर्माता दूसरी कंपनी के स्वामित्व वाले ब्रांड नाम का इस्तेमाल करके इस दवा का निर्माण कर रहे थे। फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है। नियामक प्राधिकरण ने कहा है कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्या होती हैं NSQ दवाएं, क्या सभी बैच पर लागू होती है रिपोर्ट?

NSQ यानी Not of Standard Quality उन दवाओं को कहा जाता है, जिनके नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों या विशिष्टताओं पर खरे नहीं उतरते। इसमें दवा की लेबलिंग, घुलने की क्षमता, वजन की एकरूपता और स्टेरिलिटी जैसे मानक शामिल होते हैं। वहीं, मिलावटी और नकली दवाओं को अलग श्रेणी में रखा जाता है। ऐसी दवाएं स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं और कुछ मामलों में गंभीर प्रतिकूल प्रतिक्रिया या मौत तक का कारण बन सकती हैं।

CDSCO हर महीने अपनी नियमित निगरानी के तहत NSQ और नकली दवाओं की सूची जारी करता है। हालांकि, संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी दवा को NSQ तभी घोषित किया जाता है, जब सरकारी प्रयोगशाला में जांचा गया उसका कोई विशेष नमूना एक या उससे अधिक गुणवत्ता मानकों पर विफल होता है। इसका मतलब यह नहीं है कि उस दवा के बाजार में उपलब्ध सभी बैच या उसी उत्पाद के दूसरे नमूने भी खराब हैं।

इससे पहले भारत के औषधि महानियंत्रक (DCGI) राजीव सिंह रघुवंशी ने कहा था कि CDSCO कम प्रभावी दवाओं के अनुपात को काफी कम करने के लिए कदम उठा रहा है। उन्होंने बताया था कि पिछले सर्वेक्षणों में जांचे गए कुल दवा नमूनों में लगभग 1.5 प्रतिशत कम प्रभावी पाए गए थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए