भारत जोड़ो यात्रा: राम मंदिर के पुजारी के बाद जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव ने की राहुल गांधी की तारीफ, जानें क्या कहा?

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर राहुल गांधी की जमकर तारीफ की है। चंपत राय ने कहा कि नौजवान सर्दी में देश में पैदल चल रहा है, यह प्रशंसनीय है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा यूपी के बागपत से आगे के लिए रवाना हो गई है। इस कड़कड़ाती ठंड के बीच राहुल गांधी के इस साहस की हर कोई तारीख कर रहा है। इसी कड़ी में अब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय भी भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में उतर आए हैं। चंपत राय ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि यह प्रशंसा की बात है कि एक युवक इतनी ठंड में चल रहा है। इसमें गलत क्या है? किसने इसकी आलोचना की है? उन्होंने आगे कहा कि मैं आरएसएस का सदस्य हूं, क्या वहां से किसी ने राहुल की यात्रा की आलोचना की है? क्या प्रधानमंत्री ने मंत्री ने उनकी आलोचना की?

चंप राय ने आगे कहा कि एक नौजवान इसे समझने की कोशिश में देश भर में घूम रहा है, इसकी सराहना की जानी चाहिए। वह इस मौसम में 3,000 किमी चल रहा है। हम केवल प्रयास की सराहना कर सकते हैं। राय ने मीडिया को देश को समझने के लिए पदयात्रा करने की भी सलाह दी। उनकी सराहना राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के बाद हुई, जिन्होंने अपने मेगा वॉकथॉन के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता को अपना आशीर्वाद दिया।

इससे पहले के अयोध्या में रामलला मंदिर के मुख्य पुजारी सतेंद्र दास ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनकी यात्रा की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने लिखा, "मेरी शुभकामना है कि आपकी भारत जोड़ो यात्रा मंगलमय हो। आपका जो देश जोड़ने का ख्वाब है, वो पूर्ण हो, जिस लक्ष्य को लेकर आप चल रहे हैं, उसमें आपको सफलता मिले। आप स्वस्थ्य रहें, दीर्घायु रहें। देश के हित में जो भी कार्य कर रहे हैं, वह सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय है।इसी मंगलकामना के साथ शुभ आशीर्वाद। प्रभु रामलला का आशीर्वाद आप पर बना रहे।"


बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण 3 जनवरी से शुरू हुआ। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा ने यूपी में एंट्री की। आज यात्रा बागपत से आगे के लिए रवाना हो गई है। यात्रा पांच जनवरी को शामली और छह जनवरी को कैराना से होकर हरियाणा के सोनीपत जिले में प्रवेश करेगी। छह जनवरी से 10 जनवरी तक भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी और एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी। भारत जोड़ो यात्रा 20 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और फिर 30 जनवरी को राहुल गांधी तिरंगा फहराकर समापन करेंगे।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia