दिल्ली, यूपी और पंजाब समेत उत्तर भारत के इन राज्यों में बारिश के आसार, पहाड़ों पर बर्फबारी, IMD का ताजा अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में दिनभर बादलों का डेरा रहेगा और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देशभर में मौसम का रुख बदल रहा है। मौसम संबंधी विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, और गिलगित-बाल्टिस्तान में आकाशीय बिजली कड़कने के साथ-साथ बारिश और हिमपात होने की संभावना है। इसके अलावा, 26 और 27 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी वर्षा और हिमपात की प्रबल संभावनाएं हैं।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में दिनभर बादलों का डेरा रहेगा और कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। सोमवार के दिन भी बारिश के आसार हैं, जिससे कि तापमान में गिरावट आएगी। दिल्ली में आज का उच्चतम और निम्नतम तापमान अनुमानत: 26 डिग्री सेल्सियस और नौ डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 फरवरी को मध्य भारतीय क्षेत्रों में तेज गड़गड़ाहट के साथ वर्षा और ओले पड़ने की प्रबल संभावना है, वहीं पश्चिमी हिमालयी इलाकों में इन्हीं तारीखों को वर्षा और हिमपात होने की आशंका है। जेट स्ट्रीम की हवाएं चलने की वजह से नागालैंड, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय और मिजोरम में भी हल्की से लेकर मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।

मौसम संस्थान के अनुसार, 28 फरवरी से उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं। बिहार, झारखंड, पश्चिमी बंगाल, असम, ओडिशा, समुद्रतटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी हलकी वर्षा हो सकती है। 26 फरवरी को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में ओले गिरने की आशंका है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में गर्मी और नमी वाला मौसम रहने की उम्मीद है। पंजाब और हरियाणा में भी 26 फरवरी से वर्षा की संभावना जताई गई है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia