चारधाम: गाजियाबाद से बद्रीनाथ जा रहा वाहन पलटा, महिला यात्री की मौत, कई लोग घायल

श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार सुबह बदरीनाथ धाम की यात्रा पर था। पैनी के पास पहुंचने पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क पर पलट गया।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के निकट पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार सुबह बदरीनाथ धाम की यात्रा पर था। पैनी के पास पहुंचने पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। बाद में सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कई यात्रियों को हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

पुलिस के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। सभी यात्री गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। हादसे में 44 वर्षीय आरती की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।