Independence Day 2026: 15 अगस्त को चेन्नई की इन सड़कों पर नो एंट्री, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
चेन्नई में 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर कामराजार सलाई और राजाजी सलाई समेत कई रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा।

चेन्नई में 15 अगस्त को फोर्ट सेंट जॉर्ज में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। ग्रेटर चेन्नई ट्रैफिक पुलिस ने कामराजार सलाई, राजाजी सलाई और आसपास के इलाकों के लिए ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन की घोषणा की है। इन रास्तों पर आम वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी और केवल वैध पास वाली गाड़ियों को ही प्रतिबंधित इलाकों में आगे जाने की अनुमति होगी।
लेबर स्टैच्यू और वॉर मेमोरियल के बीच कामराजार सलाई पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसी तरह वॉर मेमोरियल से रिजर्व बैंक सबवे के उत्तरी हिस्से तक राजाजी सलाई पर भी पाबंदी लागू रहेगी। बिना वैध पास वाली गाड़ियों को इन प्रतिबंधित बिंदुओं से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
इन रास्तों से गुजरेंगे डायवर्ट किए गए वाहन
कामराजार सलाई से राजाजी सलाई की ओर जाने वाले वाहनों को लेबर स्टैच्यू पर मुड़ना होगा। इसके बाद उन्हें वलाजाह रोड, अन्ना सलाई, मुथुसामी ब्रिज, मुथुसामी रोड, राजा अन्नामलाई मंड्रम जंक्शन और नॉर्थ फोर्ट साइड रोड से होकर आगे जाना होगा।
वहीं, राजाजी सलाई और सचिवालय के रास्ते पैरीज से कामराजार सलाई की तरफ जाने वाले वाहनों को पैरिस कॉर्नर, नॉर्थ फोर्ट साइड रोड, राजा अन्नामलाई मंड्रम जंक्शन, मुथुसामी रोड, मुथुसामी ब्रिज, अन्ना सलाई और वलाजाह रोड के रास्ते भेजा जाएगा।
कोदिमारा सलाई से अन्ना सलाई होते हुए पैरीज की तरफ जाने वाले वाहनों को मुथुसामी ब्रिज, मुथुसामी रोड, राजा अन्नामलाई मंड्रम जंक्शन और नॉर्थ फोर्ट साइड रोड का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, कोदिमारा सलाई से मुथुसामी ब्रिज के रास्ते कामराजार सलाई की ओर जाने वाले वाहनों को अन्ना सलाई और वलाजाह रोड से होकर जाना होगा।
पास वाले मेहमानों के लिए अलग ट्रैफिक व्यवस्था
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले आमंत्रित मेहमानों के लिए अलग से आने-जाने और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लाल और बैंगनी रंग के वैध पास वाले वाहनों को सुबह 8.30 बजे तक राजाजी सलाई से जाने की अनुमति होगी। ये वाहन सचिवालय के प्रवेश द्वार के पास यात्रियों को उतार सकेंगे और फोर्ट कॉम्प्लेक्स के भीतर तय जगहों पर पार्क किए जा सकेंगे।
सुबह 8.30 बजे के बाद इन वाहनों को सचिवालय के बाहरी प्रवेश द्वार तक पहुंचने के लिए वॉर मेमोरियल, कोदिमारा सलाई, मुथुसामी ब्रिज, मुथुसामी रोड, नॉर्थ फोर्ट साइड रोड, पैरिस जंक्शन और रिजर्व बैंक सबवे वाले रास्ते का इस्तेमाल करना होगा। इसके बाद वाहनों को सचिवालय के सामने बने पीडब्ल्यूडी पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करना होगा।
नीले और गुलाबी रंग के पास वाले लोगों के वाहनों के लिए भी निर्धारित रास्ते तय किए गए हैं। उन्हें सचिवालय के बाहरी प्रवेश द्वार के पास यात्रियों को उतारना होगा और इसके बाद उसी पीडब्ल्यूडी पार्किंग सुविधा में वाहन पार्क करने होंगे।
बिना पास वाले वाहनों को कहां रुकना होगा?
जिन वाहनों के पास वैध पास नहीं है, उन्हें प्रतिबंधित बिंदुओं से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे यात्रियों को वॉर मेमोरियल के पास उतरना होगा, जबकि संबंधित वाहनों को आइलैंड ग्राउंड्स के अंदर पार्क करना होगा।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें। प्रतिबंधित रास्तों के बजाय निर्धारित डायवर्जन का इस्तेमाल करें और रास्ते में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
