छठ पूजा का तीसरा दिन आज, डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे श्रद्धालु, 36 घंटे का कठिन व्रत जारी

छठ पूजा के तीसरे दिन यानी आज शाम को श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। 36 घंटे का निर्जला व्रत जारी है और सोमवार सुबह उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य दिया जाएगा।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • छठ महापर्व के तीसरे दिन यानी आज शाम श्रद्धालु डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। इसके लिए नदियों और जलाशयों के किनारे तैयारियां की जा रही हैं।

  • शनिवार को खरना की रस्म पूरी होने के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया है। इस दौरान व्रती पानी भी ग्रहण नहीं करते।

  • रविवार शाम 4:54 बजे सूर्यास्त के समय पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार सुबह 5:59 बजे उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।

लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को अपने सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व के तीसरे दिन आज शाम श्रद्धालु डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। इसके लिए व्रती पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ तैयारियों में जुटे हैं। नदियों के किनारे और दूसरे निर्धारित जलाशयों पर पहुंचकर श्रद्धालु भगवान सूर्य की उपासना करेंगे। रविवार को संध्या अर्घ्य के साथ छठ पूजा की प्रमुख धार्मिक परंपरा निभाई जाएगी।

छठ व्रतियों ने शनिवार को खरना की रस्म पूरी की। इस दौरान पारंपरिक प्रसाद के रूप में रसियाव, खीर और पूड़ियां तैयार की गईं। प्रसाद बनाने के लिए आम की लकड़ी से जलने वाले मिट्टी के चूल्हों का इस्तेमाल किया गया। पूरी पवित्रता और धार्मिक नियमों के साथ पूजा करने के बाद व्रतियों ने शाम को खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही उनका 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो गया।

36 घंटे का निर्जला व्रत, सोमवार सुबह उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य

छठ पूजा में खरना के बाद शुरू होने वाला निर्जला व्रत बेहद कठिन माना जाता है। इस दौरान व्रती करीब 36 घंटे तक अन्न और पानी ग्रहण नहीं करते और भगवान सूर्य तथा छठी मैया की आराधना में लीन रहते हैं। कई घरों में खरना के दौरान अलग और एकांत कमरों में विशेष पूजा-अर्चना भी की गई।

निर्धारित समय के मुताबिक, रविवार शाम 4:54 बजे सूर्यास्त होगा। इस दौरान श्रद्धालु जलाशयों और नदियों के किनारे खड़े होकर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके बाद सोमवार सुबह 5:59 बजे सूर्योदय के समय उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए