‘छात्रों की गूंज’ का प्रयागराज में नया पड़ाव, राहुल गांधी से संवाद के लिए दो लाख युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
कांग्रेस के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब दो लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। राहुल गांधी शाम करीब 6:30 बजे केपी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे और रात 8:30 बजे तक छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि प्रतियोगी छात्रों के साथ मंच पर राहुल गांधी अकेले रहेंगे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। राजस्थान के कोटा, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बाद अब ये कार्यक्रम संगम नगरी में होने जा रहा है।‘छात्रों की गूंज’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में पेपर लीक, लंबित भर्तियां, भर्ती परीक्षाओं में देरी और भ्रष्टाचार के साथ बेरोजगारी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। कांग्रेस ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी का दावा किया है।
करीब 2 घंटे तक छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
आपको बता दें, राहुल गांधी शाम करीब 6:30 बजे केपी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे और रात 8:30 बजे तक छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि प्रतियोगी छात्रों के साथ मंच पर राहुल गांधी अकेले रहेंगे। कांग्रेस का कहना है कि इस संवाद को राजनीतिक भाषण के बजाय युवाओं की समस्याओं पर केंद्रित रखा जाएगा।
कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी स्वराज भवन जाएंगे। यहां वह पार्टी के सांसदों, विधायकों, प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे। इसके बाद वह केपी इंटर कॉलेज के लिए रवाना होंगे।
दो लाख छात्रों ने कराया पंजीकरण
कांग्रेस के मुताबिक, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब दो लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जबकि पार्टी ने एक लाख से अधिक युवाओं की मौजूदगी का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने प्रयागराज और आसपास के जिलों में व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने नुक्कड़ सभाओं के जरिए छात्रों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
प्रयागराज को कार्यक्रम के लिए चुनने की वजह भी युवाओं की बड़ी आबादी है। शहर की विभिन्न डेलीगेसियों और हॉस्टलों में करीब दो लाख प्रतियोगी छात्र रहकर सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं। इनमें बड़ी संख्या पूर्वांचल के युवाओं की है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अलावा एमएनएनआईटी और IIIT जैसे संस्थानों के कारण भी प्रयागराज लंबे समय से युवाओं और छात्र राजनीति का प्रमुख केंद्र रहा है।
जेन-जी के अंदाज में होगा कार्यक्रम
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत सांगीतिक प्रस्तुति से होगी। युवाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए पॉप सिंगर लश्करी और एमसी अल्ताफ को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया है। कांग्रेस के अनुसार कार्यक्रम में पारंपरिक राजनीतिक भाषण के बजाय छात्रों से सीधे संवाद पर जोर रहेगा।
राजस्थान और उत्तराखंड में कार्यक्रमों के बाद कांग्रेस ने प्रयागराज को ‘छात्रों की गूंज’ के अगले पड़ाव के रूप में चुना है। पार्टी इसे पूर्वांचल के युवाओं तक पहुंच बनाने और उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण कार्यक्रम के तौर पर देख रही है।
कल ही मिली थी प्रशासन से अनुमती
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज में कई दिनों से जारी असमंजस 7 अगस्त को खत्म हुआ। कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने पहले दी गई अनुमति वापस लेने के बाद अपना निर्णय बदलते हुए केपी इंटर कॉलेज मैदान में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति दी।
इससे पहले ट्रस्ट द्वारा अनुमति निरस्त किए जाने के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से मुलाकात की। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि 8 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम को स्थगित करना संभव नहीं है। प्रशासन की ओर से कहा गया कि कार्यक्रम को लेकर कोई आपत्ति नहीं है और यदि ट्रस्ट अनुमति देता है तो सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग किया जाएगा।
सरकार झुकती है बस आवाज एक साथ उठनी चाहिए- राहुल गांधी
उधर, कार्यक्रम की अनुमति मिलने के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रयागराज में आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार झुकती है बस आवाज एक साथ उठनी चाहिए। शनिवार को प्रयागराज में यही बात करने आ रहा हूं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "प्रयागराज आ रहा हूं। देश के उस शहर में जहां सबसे अधिक नौजवान तैयारी करते हैं। एक बात साफ है, यहां का हर छात्र जानता है कि सिस्टम बेईमान हो चुका है। आपकी मेहनत में कोई कमी नहीं, बल्कि कमी उस सिस्टम की नीयत में है, जो आपकी मेहनत का दाम नहीं देती।"
नेता प्रतिपक्ष ने लिखा, "पेपर लीक, रुकी भर्तियां, सालों का इंतजार और जवाबदेही किसी की नहीं। कोटा में छात्र बोले, देहरादून में फिर आवाज उठी और दिल्ली में इन्हीं बच्चों पर लाठियां चलीं, सिर्फ सवाल पूछने के लिए। आखिर में एक मंत्री को जाना पड़ा। यह सरकार झुकती है बस आवाज एक साथ उठनी चाहिए। शनिवार को प्रयागराज में यही बात करने आ रहा हूं। आप भी आइए।"
इसके साथ ही, वीडियो राहुल गांधी ने एक संदेश पढ़ा, जिसमें कहा गया, "राहुल सर, आप प्रयागराज आ रहे हो न। हम छात्रों की वास्तव में कोई नहीं सुन रहा।"
इस संदेश के साथ कांग्रेस सांसद ने कहा, "मैं छात्रों की (बात) सुन रहा हूं। मैं प्रयागराज में रोजगार और नौकरियों की स्थिति के बारे में चर्चा करने के लिए आ रहा हूं। मैं एक बात को 100 प्रतिशत स्वीकार करता हूं कि आज के हिंदुस्तान में रोजगार या पढ़ाई में हमारे छात्रों का भविष्य नहीं है।"
उन्होंने कहा, "इसको हम सभी को मिलकर बदलना है। आपकी एनर्जी और आपकी आवाज के साथ हम मिलकर इस समस्या का समाधान कर सकते हैं
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
