छत्तीसगढ़: कांग्रेस का थाने के अंदर धरना, 14 घंटे से डटे दीपक बैज, FIR वापस लेने की मांग
रायपुर के खम्हारडीह थाने में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज 14 घंटे से धरने पर बैठे हैं। उन्होंने FIR का विरोध किया और PM मोदी के छात्र संदेश पर भी सवाल उठाए।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज रायपुर के खम्हारडीह थाने में पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में लगातार 14 घंटे से धरने पर बैठे हैं। गुरुवार शाम शुरू हुआ उनका विरोध शुक्रवार सुबह भी जारी रहा। बैज का कहना है कि प्रशासन के साथ कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकल सका है। ऐसे में कांग्रेस अपनी मांगों पर कायम रहते हुए शांतिपूर्ण धरना जारी रखे हुए है।
रातभर चली बातचीत, आज फिर प्रशासन से होगी चर्चा
शुक्रवार सुबह मीडिया से बातचीत में दीपक बैज ने बताया कि धरना गुरुवार शाम करीब 6 से 6:15 बजे शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि रातभर कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन किसी नतीजे पर सहमति नहीं बन सकी। अब सुबह करीब 11 बजे प्रशासन के साथ एक और दौर की बातचीत होगी।
बैज ने कहा कि कांग्रेस टकराव नहीं, बल्कि बातचीत के जरिए समाधान चाहती है। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के सभी रास्ते अभी भी खुले हैं और समाधान तक पहुंचने की पूरी संभावना है। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि पार्टी अपनी मांगों पर मजबूती से कायम है और इसी वजह से अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि सार्थक बातचीत के लिए निष्पक्ष और रचनात्मक माहौल जरूरी है।
बीजेपी-कांग्रेस विवाद के बाद दर्ज हुई थी FIR
दरअसल, रायपुर में बीजेपी के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस समर्थकों के साथ झड़प हुई थी। इसी विवाद के बाद पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। कांग्रेस इसी कार्रवाई का विरोध कर रही है और इसे वापस लेने की मांग कर रही है।
PM मोदी के छात्र संदेश पर भी बोले दीपक बैज
धरने के दौरान दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छात्रों के नाम जारी वीडियो संदेश पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देर रात ट्वीट करना पड़ा और मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड करना पड़ा, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में छात्रों की मुख्य मांगों या राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से लगातार उठाए जा रहे मुद्दों पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म बनाने की बात तो की, लेकिन किसी की जिम्मेदारी तय नहीं की गई और यह भी नहीं बताया गया कि इस पूरे मामले के लिए जवाबदेह कौन है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
