पुणे में बंद पड़े जल शोधन संयंत्र से क्लोरीन गैस लीक, 24 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

यह रिसाव रात करीब एक बजे गंगाधाम इलाके में बंद पड़े जल शोधन संयंत्र के गोदाम में क्लोरीन से भरे टैंक से हुआ।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

पुणे के कोंढवा में बंद पड़े जल शोधन संयंत्र से बुधवार देर रात क्लोरीन गैस रिसाव के कारण कम से कम 22 निवासियों और दो दमकलकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह रिसाव रात करीब एक बजे गंगाधाम इलाके में बंद पड़े जल शोधन संयंत्र के गोदाम में क्लोरीन से भरे टैंक से हुआ।

एक दमकल अधिकारी ने बताया, ‘‘गैस रिसाव से आसपास के निवासियों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों को मौके पर भेजा गया। कई नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया और सुरक्षा उपकरणों की सहायता से रिसाव वाले टैंक की मरम्मत की गई।’’

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 22 निवासियों और दो दमकलकर्मियों को सांस लेने में तकलीफ हुई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

जल शोधन संयंत्र के मालिक ने बताया कि उसने संयंत्र को बंद कर दिया था, लेकिन क्लोरीन का टैंक वहीं रह गया, जिससे रिसाव हुआ।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी प्रभावित निवासी और दोनों दमकलकर्मी खतरे से बाहर हैं और वर्तमान में ससून जनरल अस्पताल में निगरानी में हैं।’

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia