CJP का संसद मार्च: 5 मेट्रो स्टेशन बंद, दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, जंतर-मंतर पर जुटे हजारों प्रदर्शनकारी
CJP के संसद मार्च के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजीव चौक समेत 5 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद हैं। वहीं, प्रदर्शनकारी मार्च पर कायम हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। इस बीच शिक्षा व्यवस्था में सुधारों की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का संसद मार्च आज प्रस्तावित है। जंतर-मंतर पर हजारों छात्र, युवा और समर्थक जुटे हुए हैं। मार्च के लिए अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारी अपने कार्यक्रम पर कायम हैं।
DMRC ने पांच मेट्रो स्टेशन किए बंद
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी दी कि सुरक्षा कारणों से राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे। यह फैसला संसद की ओर प्रस्तावित CJP के विरोध मार्च के मद्देनजर लिया गया है।
CJP का संसद मार्च, पुलिस ने अनुमति नहीं होने की कही बात
कॉकरोच जनता पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर संसद के मानसून सत्र के पहले दिन संसद तक मार्च का आह्वान किया है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि इस मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई है। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि बिना अनुमति किसी भी मार्च को संसद की ओर आगे बढ़ने नहीं दिया जाएगा। इसी वजह से जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी डटे, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
संसद की ओर प्रस्तावित कूच से पहले जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक जुटे हुए हैं। प्रदर्शनकारी अनुमति नहीं मिलने के बावजूद अपने तय कार्यक्रम पर कायम हैं। दूसरी ओर, प्रशासन ने संसद मार्ग और आसपास के संवेदनशील इलाकों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
