CJP बेंगलुरु में SIR पर ‘जनता की अदालत’ आयोजित करेगी, यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल होंगे

कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों से ‘‘एसआईआर के पीड़ितों’’ के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद ‘‘चप्पल प्रदर्शन’’ किया जाएगा।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • सीजेपी बेंगलुरु में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर ‘‘जनता की अदालत’’ आयोजित करेगा

  • अभिजीत दीपके, प्रकाश राज और यूट्यूबर ध्रुव राठी भी ‘‘जनता की अदालत’’ में शामिल होंगे।

  • ‘‘एसआईआर के पीड़ितों’’ के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके और यूट्यूबर ध्रुव राठी बृहस्पतिवार को बेंगलुरु में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आयोजित ‘‘जनता की अदालत’’ में शामिल होंगे।

कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों से ‘‘एसआईआर के पीड़ितों’’ के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद ‘‘चप्पल प्रदर्शन’’ किया जाएगा।

प्रकाश राज ने क्या कहा?

अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज भी यहां फ्रीडम पार्क में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज ने बुधवार को कहा, ‘‘कॉकरोच (कॉकरोच जनता पार्टी) की जनता की अदालत... दीपके... आशुतोष... सौरव और सभी युवा संगठन तथा नागरिक समाज... पूरे राज्य से एसआईआर के पीड़ित इसमें मौजूद रहेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी नागरिकों से हमारे लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई में शामिल होने का अनुरोध करता हूं। आठ अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में हमारे साथ शामिल हों।’’

राज ने एक वीडियो में कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।


ध्रुव राठी ने भी पोस्ट किया

राठी ने भी ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा कर कार्यक्रम में अपनी भागीदारी की पुष्टि की और कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने के लिए है।

आशुतोष रांका ने क्या कहा था?

सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने भी छह अक्टूबर को ‘एक्स’ पर घोषणा की थी कि एसआईआर पर आयोजित जनता की अदालत में शामिल होने के बाद वे उन कन्नड़ भाषी लोगों से बातचीत करेंगे, जिनके नाम कथित तौर पर गलत तरीके से मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।

उन्होंने कहा था कि इसके बाद महिलाओं के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए ‘‘चप्पल प्रदर्शन’’ किया जाएगा।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए