बुराड़ी मैदान में किसानों के लिए व्यवस्था की खुली पोल, सर्दी के बावजूद एक टेंट तक नहीं दिया गया
दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस के दावों की पोल दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने खोल दी। कमेटी की ओर से बुराड़ी के निरंकारी मैदान में 5 हजार लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि केंद्र या राज्य की तरफ से कोई इंतजाम नहीं किया गया है।
कृषि कानून के विरोध में ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन के तहत राजधानी पहुंचे किसानों को सरकार और पुलिस ने बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अनुमति दी है। सरकार ने कहा कि वहां किसानों को ले जाने और रहने की तमाम व्यवस्था सरकार करेगी। इसके बाद केंद्र और दिल्ली की केजरीवाल सरकार में किसानो का मसीहा बनने की होड़ शुरू हो गई है और दोनों तरफ से बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं।
लेकिन बेचारे किसान कड़ाके की ठंढ की इस रात में खुले आसमान तले रहने को विवश हैं। दरअसल हरियाणा से लगती सीमाओं से लाए गए किसानों के लिए बुराड़ी ग्राउंड में लंगर और पीने का पानी और अन्य व्यवस्थाएं करने का दावा किया जा रहा है। लेकिन इस कड़ाके की सर्दी की रात को काटने के लिए सबसे जरूरी टेंट की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। दूर देहात से आए किसान इस सर्दी की रात में खुले आसमान तले रहने को मजबूर हैं।
बुराड़ी के निरंकारी मैदान में पहुंचे राघव चड्ढा ने बताया, "मोदी सरकार के किसान बिल का विरोध करने हमारे किसान भाई-बहन देश के कोने- कोने से दिल्ली आ रहे हैं। इस मैदान में आने की अनुमति मिल गई है, उसके लिए जो भी जरूरतें हैं, चाहे वो पानी टैंकर हो, खान-पान की व्यवस्था या शौचलाय हो। जितनी भी चीजें हैं, वो केजरीवाल की सरकार करवा रही है। सारे अधिकारी, तमाम विधायक गण सभी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।"
दूसरी ओर, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस के दावों की पोल दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने खोल दी। कमेटी की ओर से 5 हजार लोगों के लिए लंगर की व्यवस्था की गई है। कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा भी व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि केंद्र या राज्य सरकार की तरफ से कोई इंतजाम नहीं किया गया है।
शिरोमणी अकाली दल के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के जनरल सेक्रेटरी ने बताया, "मैं 2 बजे यहां आया था। 5 घंटे तक यहां 5 पोल लाइट तक नहीं लगी। पुलिस ने क्या व्यवस्था की हुई है। एक दरी तक इन्होंने बिछा कर नहीं रखी है। बस हमारी कमेटी ने लंगर की व्यवस्था की है। दिल्ली और केंद्र सरकार की तरफ से कोई व्यवस्था नहीं की गई है, बस मीडिया के जरिये कह रहें है कि किसानों के लिए व्यवस्था की है।"
वहीं, बुराड़ी के निरंकारी मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति मिलने के बाद भी हजारों आंदोलनकारी किसानों ने बुराड़ी मैदान न जाने का फैसला लिया है और सिंघु बॉर्डर पर डटे हुए हैं।। उनका मानना है ग्राउंड में जाने के बाद सरकार उनकी तकलीफे नहीं समझेगी। किसानों के मुताबिक उनका प्रदर्शन वहीं जारी रहेगा।
वहीं बुराड़ी के निरंकारी मैदान में इस वक्त सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल मौजूद है। सुरक्षा व्यवस्था बरकरार रहे, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 27 Nov 2020, 10:25 PM
