भारी बर्फबारी के बीच भारत जोड़ो यात्रा का समापन समारोह, प्रियंका गांधी बोली- जो राजनीति तोड़ती है, उससे कभी भला नहीं हो सकता

भारी बर्फबारी के बीच राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार को श्रीनगर में खत्म हो गई। यात्रा के समापन समारोह के दौरान शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में प्रिंयका गांधी ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। इस दौरान भारी बर्फबारी हो रही थी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

श्रीनगर में भारी बर्फबारी के बीच आज कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' का समापन समारोह हो रहा है। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की उपस्थिति में श्रीनगर के कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राहुल ने शहर में ताजा बर्फबारी के बीच यात्रा का समापन करते हुए राष्ट्रगान की धुन के बीच पंथाचौक स्थित शिविर स्थल पर ध्वजारोहण किया।

यात्रा के समापन समारोह के दौरान शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में प्रिंयका गांधी ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। भारी बर्फबारी के दौरान अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने कहा कि हर हिंदुस्तानी देश में एकता और शांति चाहता है। जो राजनीति आज देश में चल रही है, उस राजनीति से देश की भलाई नहीं हो सकती, जो राजनीति बांटती है तोड़ती है, वो देश का नुकसान करती है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जब मेरे भाई कश्मीर की तरफ आ रहे थे, उन्होंने मुझे और मेरी मां को संदेश भेजा था। उन्होंने कहा- "मुझे लग रहा है, मैं अपने घर जा रहा हूं। जब यहां के लोग मुझसे गले मिलते हैं तो उनकी आंखों में आंसू होते हैं...तब लगता है जैसे उनका दर्द मेरे सीने में समा रहा है।"


प्रियंका गांधी ने कहा कि मुझे गर्व हो रहा कि कांग्रेस ने एक ऐसी यात्रा की जिसको पूरे देश का प्यार मिला। जिसका सभी ने समर्थन किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि ये यात्रा आध्यात्मिक रही। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारा कर्तव्य है जिस आधार पर ये देश बना, उसे हम बचा कर रखें।भारत यात्रियों ने हमें प्रेम, एकता का रास्ता दिखाया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि जो रौशनी देश के लोगों ने दिखाई उम्मीद है वो सभी को जोड़ेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia