देश में बढ़ती ठंड के बीच बढ़ेंगी मुश्किलें! बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में नया मौसम तंत्र मजबूत हो रहा है, जो अगले दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में ठंड, प्रदूषण और कोहरा बढ़ रहा है।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

देश में नवंबर के आखिरी हफ्ते के साथ ही मौसम तेजी से करवट ले रहा है। दिन में हल्की धूप के बावजूद शाम ढलते ही तापमान नीचे गिरने लगा है। कई राज्यों में ठंड की शुरुआत हो चुकी है, जबकि कुछ इलाकों में कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। इस बीच मौसम विभाग ने एक नए चक्रवाती सिस्टम के बनने की चेतावनी दी है, जो अगले कुछ दिनों में गंभीर रूप ले सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया चक्रवात

मलेशिया और स्ट्रेट ऑफ मलक्का के पास मौजूद निम्न दबाव का क्षेत्र अब तेजी से सक्रिय हो रहा है। आईएमडी के मुताबिक, इसके साथ जुड़ा साइक्लोनिक सर्कुलेशन करीब 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक पहुंच चुका है।


अनुमान है कि यह सिस्टम:

  • अगले 24 घंटे में दक्षिण अंडमान सागर पर डिप्रेशन बनेगा

  • और 48 घंटे के भीतर यह चक्रवाती तूफान का रूप लेकर दक्षिण बंगाल की खाड़ी में तेज हो जाएगा

  • यह सिस्टम तटीय राज्यों के मौसम को अगले कुछ दिनों तक पूरी तरह प्रभावित करेगा।

तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

नए चक्रवात के असर से दक्षिण भारत में तेज बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है।

तमिलनाडु

  • 25 से 27 नवंबर: भारी बारिश

  • 28, 29 और 30 नवंबर: बहुत भारी बारिश का अलर्ट

केरल और माहे

  • 26 नवंबर तक कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना

  • तटीय आंध्र प्रदेश और यनम

  • 29 और 30 नवंबर को तेज बारिश के आसार

मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, समुद्र में ऊंची लहरों और हल्की हवाओं की चेतावनी पहले ही जारी कर दी है।


दिल्ली में ठंड बढ़ी, प्रदूषण रिकॉर्ड स्तर पर

दिल्ली का मौसम भी बीते कुछ दिनों से बदल गया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान फिर से 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। दिन में धूप खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा।

सबसे बड़ी चिंता यह है कि रात के समय हवा की गति बेहद धीमी होने के कारण प्रदूषण और घना हो रहा है। AQI लगातार गंभीर श्रेणी के करीब बना हुआ है और विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक हफ्ते तक राहत की उम्मीद नहीं है।

उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ी

उत्तर प्रदेश में भी मौसम तेजी से पलट रहा है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, तापमान में गिरावट का दौर अगले 48 घंटे तक जारी रहने वाला है।

मौजूदा तापमान

कई जिलों में पारा 10°C से नीचे पहुंच गया है:

  • बाराबंकी: 9°C

  • कानपुर नगर: 9°C

  • इटावा: 9°C

  • मेरठ: 9°C

  • मुजफ्फरनगर: 9.8°C

  • बरेली: 9.9°C

26–28 नवंबर के दौरान सुबह के समय हल्का–घना कोहरा देखने को मिल सकता है।


बिहार में भी बढ़ी सर्दी, कई शहरों में घना कोहरा

बिहार में दिन साफ रहने के बावजूद रातें ठंडी होने लगी हैं। पिछले 24 घंटों में गोपालगंज, बेगूसराय समेत कम-से-कम 10 शहरों में घना कोहरा दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3–4 दिनों में ठंड और तेज हो सकती है और सुबह का कोहरा बढ़ सकता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia