बजट के दिन लगा महंगाई का झटका, LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, जानिए क्या है नई कीमत

बजट वाले दिन महंगाई का झटका लगा है। आज यानी 1 फरवरी 2026 से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है, जबकि घरेलू गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

फरवरी महीने की शुरुआत होते ही महंगाई का झटा लगा है। बजट पेश होने से ठीक पहले तेल विपणन कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर दिया है। यह बढ़ोतरी 1 फरवरी 2026 से लागू हो गई है और इसका सीधा असर 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर पर पड़ा है।

हालांकि राहत की बात यह है कि 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की जेब पर असर पड़ा है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली हुई है।

बजट वाले दिन क्यों बढ़े सिलेंडर के दाम?

हर महीने की पहली तारीख को LPG की कीमतों की समीक्षा की जाती है। फरवरी की शुरुआत भी कुछ अहम वित्तीय बदलावों के साथ हुई और इसी कड़ी में बजट के दिन कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 50 रुपये तक महंगा कर दिया गया। यह लगातार दूसरा महीना है, जब 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं।


चार बड़े महानगरों में क्या है कीमत?

तेल कंपनियों द्वारा जारी ताजा रेट के अनुसार, प्रमुख शहरों में 19 किलो कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं:

दिल्ली

  • 1 जनवरी: 1691.50 रुपये

  • 1 फरवरी: 1740.50 रुपये

  • बढ़ोतरी: 49 रुपये

कोलकाता

  • 1 जनवरी: 1795 रुपये

  • 1 फरवरी: 1844.50 रुपये

  • बढ़ोतरी: 49.50 रुपये

मुंबई

  • 1 जनवरी: 1642.50 रुपये

  • 1 फरवरी: 1692 रुपये

  • बढ़ोतरी: 49.50 रुपये

चेन्नई

  • 1 जनवरी: 1849.50 रुपये

  • 1 फरवरी: 1899.50 रुपये

  • बढ़ोतरी: 50 रुपये

देश के हर बड़े महानगर में कॉमर्शियल सिलेंडर करीब 50 रुपये तक महंगा हो गया है।

जनवरी में भी लगा था महंगाई का झटका

अगर पिछले महीने पर नजर डालें तो जनवरी 2026 की शुरुआत में भी तेल कंपनियों ने कीमतों में बड़ा इजाफा किया था। उस समय 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 111 रुपये तक बढ़ाए गए थे। यानि दो महीनों में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है।


घरेलू LPG सिलेंडर के दाम नहीं बढ़े

बीते कई महीनों से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14 किलोग्राम वाला LPG सिलेंडर अभी भी 8 अप्रैल 2025 के रेट पर ही मिल रहा है।

1 फरवरी 2026 को घरेलू सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं:

  • दिल्ली: 853 रुपये

  • कोलकाता: 879 रुपये

  • मुंबई: 852 रुपये

  • चेन्नई: 868 रुपये

कारोबारियों पर बढ़ेगा खर्च का दबाव

कॉमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग सर्विस, ढाबों और छोटे खाद्य कारोबार पर पड़ता है। गैस के बढ़े दाम से खाने-पीने की चीजों की लागत बढ़ने की आशंका रहती है, जिसका असर आगे चलकर आम उपभोक्ताओं तक भी पहुंच सकता है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia