LPG Price Hike: अक्टूबर महीने की शुरुआत के साथ ही लगा महंगाई का झटका, LPG सिलेंडर के दाम बढ़े
कमर्शियल LPG सिलेंडर आज से 62.50 रुपये महंगा हो गया है। दिल्ली में कीमत 2810 रुपये पहुंची, जबकि पटना में 71.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई।

1 अक्टूबर से कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 62.50 रुपये बढ़े, घरेलू गैस की कीमत में बदलाव नहीं हुआ।
दिल्ली में 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है।
पटना में कमर्शियल LPG सिलेंडर 71.50 रुपये महंगा हुआ, नई दरें लागू हो गई हैं।
कीमत बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार की लागत बढ़ सकती है।
अक्टूबर महीने की शुरुआत ही महंगाई के झटके के साथ हुई है। तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही दिल्ली में इसकी कीमत 2,747.50 रुपये से बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है। हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में इससे पहले सितंबर में भी 9.50 रुपये का इजाफा किया गया था। उस बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,747.50 रुपये तक पहुंच गई थी। अब अक्टूबर में एक बार फिर कीमत बढ़ने से उन कारोबारों का खर्च बढ़ सकता है, जो खाना पकाने के लिए बड़े सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं।
पटना में 71.50 रुपये की बढ़ोतरी
पटना में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 71.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें गुरुवार से लागू हो गई हैं। कमर्शियल LPG महंगा होने का असर रेस्टोरेंट, होटल, ढाबे और कैटरिंग कारोबार की लागत पर पड़ सकता है।
इसका असर आगे खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है। सुबह की चाय-नाश्ते से लेकर रात के डिनर तक की लागत बढ़ सकती है। शादी-ब्याह और दूसरे आयोजनों में कैटरिंग का खर्च भी बढ़ने की संभावना है।
अप्रैल से अगस्त तक कई बार बदले दाम
कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में इस साल कई बार बदलाव हुआ है। अप्रैल में पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज के रास्ते ऊर्जा की सप्लाई में आ रही रुकावटों को देखते हुए सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 195.50 से 214 रुपये तक प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद मई में भी दाम बढ़ाए गए और एक ही बार में कीमतें 993 रुपये प्रति सिलेंडर तक बढ़ गई थीं। जून में भी 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई।
हालांकि, जुलाई से तस्वीर बदली और तेल कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की। इसके बाद दिल्ली में कीमत 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये हो गई थी। अगस्त में भी 192 से 209 रुपये तक की भारी कटौती की गई, जिसके बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 2,728 रुपये और मुंबई में 2,691.50 रुपये का हो गया था। सितंबर में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी और अब अक्टूबर में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में कीमत 2,810 रुपये पहुंच गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
