‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’ भारत माता के बेटों की रक्षा नहीं कर सकता, राहुल गांधी ने नाविकों की मौत पर चुप्पी पर घेरा
राहुल गांधी ने कहा कि अगले हफ्ते जी7 में, हमारे नाविकों की हत्या के बस चंद दिनों बाद, मोदी जी मुस्कुराएंगे, गले मिलेंगे और समझौते करेंगे- मगर, उन तीन भारतीयों के लिए उनके पास एक शब्द भी नहीं होगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक वाणिज्यिक जहाज पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत पर चुप्पी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आज निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’’ भारत माता के बेटों की रक्षा नहीं कर सकते क्योंकि इन बेटों की जान लेने वालों को नाराज करने की ‘‘इनमें न हिम्मत है, न ताकत।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘‘अन्तरराष्ट्रीय जल (क्षेत्र) में तीन दिन में तीन जहाजों पर अमेरिकी हमलों में तीन भारतीयों की मृत्यु हो गई। और हमारे कंप्रोमाइज्ड (दबाव में आ चुके) पीएम... एक शब्द तक नहीं कहा। जब कोई विदेशी ताकत किसी भारतीय की हत्या करे, तो प्रधानमंत्री को बोलना पड़ता है। लेकिन मजाल है जो ये एक शब्द बोल जाएं।’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘अगले हफ्ते जी7 में, हमारे नाविकों की हत्या के बस चंद दिनों बाद, मोदी जी मुस्कुराएंगे, गले मिलेंगे और समझौते करेंगे- मगर, उन तीन भारतीयों के लिए उनके पास एक शब्द भी नहीं होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कंप्रोमाइज्ड पीएम भारत माता के बेटों की रक्षा नहीं कर सकते, क्योंकि जिन्होंने उन बेटों की जान ली उन्हें नाराज करने की इनमें न हिम्मत है, न ताकत।’’
इससे पहले कांग्रेस ने भी अमेरिका की सैन्य कार्रवाइयों की निंदा की थी, और सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने के लिए राजनयिक कदम उठाने की मांग की थी। विपक्ष दल ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी व्यक्तिगत घनिष्ठता को बार-बार एक कूटनीतिक उपलब्धि के रूप में प्रदर्शित करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते, जब यह संबंध भारतीय नागरिकों के जीवन और हितों की रक्षा करने में विफल हो जाए।
वहीं इस मामले पर भारत ने गुरुवार को कहा कि पिछले चार दिनों में ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल वाले तीन वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना ने हमला किया, जिसमें तीन भारतीयों की मौत हो गई। भारत ने इन हमलों को लेकर अमेरिका के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। नई दिल्ली की ओर से यह पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया गया कि अमेरिकी नौसेना ने भारतीय चालक दल वाले तीन जहाजों को निशाना बनाया है।
अमेरिकी सेना ने 8 जून को पलाऊ के ध्वज वाले एक तेल टैंकर 'मैरीवेक्स' पर हमला किया था, जिसपर 24 भारतीय नाविक सवार थे। चालक दल के सभी सदस्यों को बचा लिया गया। इसके बाद, 10 जून को अमेरिका ने पलाऊ के ध्वज वाले एक और टैंकर 'सेटेबेलो' पर हमला किया, जिसपर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई। गुरुवार को एक और जहाज 'जलवीर' पर हमला हुआ, जो गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाला टैंकर था और जिस पर 20 भारतीय सवार थे।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि 'जलवीर' को ‘‘बेकार’’ कर दिया गया और अमेरिकी सेना के निर्देशों को नहीं मानने के बाद एक लड़ाकू विमान ने जहाज के इंजन कक्ष पर दो मिसाइलें दागीं। इसने कहा कि जलवीर ने ‘‘ईरानी तेल ले जाने की कोशिश करके अमेरिका की नाकेबंदी का उल्लंघन किया।’’
