कांग्रेस ने कोरोना पर भ्रम को लेकर सरकार पर साधा निशाना, कहा- ऐसे में महामारी से कैसे लड़ेगा भारत

वीडियो लिंक के माध्यम से मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने कहा कि कोरोना महामारी की स्थिति पर मोदी सरकार में भ्रम है। अगर अधिकारी अलग-अलग बात कहेंगे तो ऐसे में भारत इस महामारी से कैसे लड़ेगा।

फोटोः सोशल मीडिया
i

कोरोनो वायरस के संक्रमण को लेकर सरकार में अलग-अलग राय को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि लोगों को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए और उसी के अनुसार उन्हें तैयार करना चाहिए। वीडियो लिंक के माध्यम से मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने कहा कि कोरोना महामारी की स्थिति पर सरकार में भ्रम है। अगर अधिकारी अलग-अलग बात कहेंगे तो भारत महामारी से कैसे लड़ेगा।"

अजय माकन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 मार्च को राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन से पहले राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा था, "महाभारत की लड़ाई 18 दिनों में समाप्त हुई थी, मुझे कोरोना वायरस के प्रसार का मुकाबला करने के लिए 21 दिन की जरूरत है। लेकिन नीति आयोग के सदस्य वी.के. पॉल और एम्स के निदेशक संदीप गुलेरिया स्थिति पर कुछ और ही कह रहे थे।”

इस दौरान कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री मोदी और नीति योग के सदस्य की एक वीडियो क्लिप भी चलाई। अजय माकन ने कहा, "सरकार को लोगों को कोरोना वायरस की स्थिति के बारे में स्पष्ट बताना चाहिए ताकि वे उसके अनुसार तैयारी कर सकें।" माकन ने मांग की कि सरकार जल्द से जल्द वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना से मौत के आंकड़े बेमेल होने की आलोचना करते हुए माकन ने कहा कि दिल्ली सरकार को कोरोना वायरस मामलों और मौतों की रिपोर्टिग में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए। बता दें कि दिल्ली में कोरोना से हुई मौतों को लेकर सियासत तेज हो गई है, क्योंकि कई अस्पतालों ने यहां की सरकार पर आंकड़ों में हेरफेर करने का आरोप लगाया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 09 May 2020, 11:07 PM