इंदौर में टैक्स वृद्धि के खिलाफ सड़क पर उतरी कांग्रेस, रोकने के लिए पुलिस ने किया बल प्रयोग

कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि नगर निगम के महापौर के चुनाव में बीजेपी ने किसी भी तरह का कर नहीं लगाने का वादा किया था। अब चोरी के रास्ते हर तरह का शुल्क बढ़ाया जा रहा है। इसी के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं।

इंदौर में टैक्स वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन
इंदौर में टैक्स वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन
user

नवजीवन डेस्क

मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम द्वारा टैक्स में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को शहर की सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाए और उन पर पानी की बौछार के साथ जमकर बल प्रयोग भी किया।

कांग्रेस के विधायक और महापौर पद के उम्मीदवार संजय शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस ने इंदौर नगर निगम द्वारा कर बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। उसी के तहत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता आज सड़क पर उतरे थे। नगर निगम की तरफ बढ़ते कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए प्रशासन ने बैरिकेड लगाए और भारी पुलिस बल की तैनाती की।


कांग्रेस कार्यकर्ता जब बैरिकेड से भी नहीं रुके तब पुलिस ने पहले वाटर कैनन का उपयोग किया और फिर बल प्रयोग किया। प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे विधायक जीतू पटवारी ने कहा कि नगर निगम महापौर के चुनाव में बीजेपी ने किसी भी तरह का कर नहीं लगाने का वादा किया था। अब चोरी के रास्ते नक्शा पास कराने की राशि को 21 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपये कर दी गई है। इसी तरह और भी कर बढ़ाए जा रहे हैं। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे।

जीतू पटवारी ने आगे कहा कि निगम द्वारा रोज टेंडर निकाले जा रहे हैं। यह 50 प्रतिशत कमीशन की नगर निगम हो गई है। जैसी प्रदेश में 50 प्रतिशत की बीजेपी सरकार है, उसी तरह की इंदौर नगर निगम भी हो गई है। कर्मचारियों को वेतन देने की लिए निगम के पास पैसे नहीं हैं। यह कांग्रेस नहीं जनता का आंदेलन है। कर बढ़ोतरी का विरोध जारी रहेगा।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia