कांग्रेस ने BJP को घेरा, 'हाथरस मामले के अभियुक्तों के खिलाफ फिर से जांच शुरू हो, ‘डबल इंजन’ सरकार माफी मांगे'
सितंबर 2020 में उत्तर प्रदेश के हाथरस की एक दलित लड़की से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था। बाद में दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

कांग्रेस ने साल 2020 के हाथरस ‘सामूहिक बलात्कार’ मामले से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अब जो नए तथ्य सामने आए हैं उसके आधार पर अभियुक्तों के खिलाफ फिर से जांच शुरू होनी चाहिए और बीजेपी की ‘डबल इंजन’ सरकार को देश से माफी मांगनी चाहिए।
पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की प्रमुख अलका लांबा ने जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की और कहा कि यदि हाथरस के मामले में सही जांच होती और दोषियों को सजा मिल जाती, तो यह मामला एक मिसाल बनता और अपराधियों के मन में डर पैदा होता।
सितंबर 2020 में उत्तर प्रदेश के हाथरस की एक दलित लड़की से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया था। बाद में दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उसके गांव के चार लोगों, राम कुमार, लवकुश, रवि और संदीप पर अपराध करने का आरोप लगाया गया था। सीबीआई जांच और मुकदमे के बाद, केवल संदीप ही गैर इरादतन हत्या और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने के बाद जेल में है।
अलका ने संवादाताओं से कहा, ‘‘हाथरस मामले पर बनी डॉक्यूमेंट्री में कई लोगों के बयान शामिल हैं। इस डॉक्यूमेंट्री में स्त्री रोग विशेषज्ञ तक कह रहीं हैं कि बच्ची को लाने से पहले सारे सबूत मिटा दिए गए थे, उसे नहला दिया गया था। लड़की ने यह बयान दिया था कि उसके साथ गलत हुआ है, लेकिन उसके बयान पर गौर नहीं किया गया।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मामले को पुलिस द्वारा कमजोर कर दिया गया, ताकि आरोपी बच सकें। अलका ने कहा, ‘‘डॉक्यूमेंट्री में साफ है कि बच्ची की रीढ़ की हड्डी टूट चुकी थी, उसे घसीटा गया था। उसे एंबुलेंस और स्ट्रेचर भी नहीं दिया गया। मरने से पहले पीड़िता ने आपबीती बताई थी, लेकिन उसके बयान को भी नजरअंदाज कर दिया गया। आखिर में इस मामले के आरोपी बरी कर दिए गए।’’
उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पूर्व एडीजी (विधि-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने इस डॉक्यूमेंट्री में कहा है कि हाथरस जैसे गंभीर मामले में पुलिस संवेदनशील नहीं थी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत ही दुख और चिंता की बात है। ऐसे में दोषियों के खिलाफ दोबारा से जांच की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।’’ अलका ने एक सवाल के जवाब में कहा कि बीजेपी की ‘डबल इंजन’ सरकार को देश, महिलाओं और पीड़िता के परिवार से माफी मांगनी चाहिए।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
