कांग्रेस स्थापना दिवस: RSS के गढ़ नागपुर में आज महारैली, सोनिया-राहुल गांधी, खड़गे समेत कई नेता होंगे शामिल

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमें गर्व है कि पिछले 138 वर्षों से हम पूरी ईमानदारी के साथ भारत के निर्माण में संघर्षरत हैं। कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर मेरी ओर से हर एक भारतीय को हार्दिक शुभकामनाएं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस पार्टी आज अपना 139वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके आरएसएस के गढ़ नागपुर में पार्टी से एक रैली का आयोजन किया जाएगा रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे। नागपुर में आयोजित होने वाली वाली 'हैं तैयार हम' नाम रखी गई है।

स्थापना दिवस को लेकर नागपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए एक ‘हैं तैयार हम’ का स्लोगन भी तैयार किया है। पार्टी के राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस रैली में शामिल होंगे। इस मौके पर कांग्रेस एक्स पर पोस्ट किया, "देशभर से 72 व्यक्तियों ने एक मंच बनाने के लिए हाथ मिलाया, जिसने बाद में भारत के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया। आज भी हम नफरत, विभाजन और अन्याय के खिलाफ देश की लड़ाई का नेतृत्व कर रहे हैं। राष्ट्र के प्रति अपनी 138 वर्ष की सेवा का जश्न मनाने के लिए हमसे जुड़ें।"

कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस के मौके पर आज सुबह 9.30 बजे दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ध्वजारोहण भी करेंगे। पार्टी दफ्तर में ध्वजारोहण से पहले खड़गे ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का उद्देश्य जन-कल्याण और भारत के लोगों की उन्नति है। हम संसदीय लोकतंत्र पर आधारित ऐसे भारत में विश्वास रखते हैं जिसमें समानता हो, बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए अवसर हो और संविधान में रचे-बसे राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों का पालन हो। हमें गर्व है कि पिछले 138 वर्षों से हम पूरी ईमानदारी के साथ ऐसे भारत के निर्माण में संघर्षरत हैं। कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर मेरी ओर से हर एक भारतीय को हार्दिक शुभकामनाएँ। जय हिंद, जय कांग्रेस।"


महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि नागपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के जरिए पार्टी का मकसद बदलाव का संदेश देना है, ताकि बीजेपी को केंद्र से हटाया जा सके। यह देश के लोगों के लिए ऐतिहासिक मौका होने वाला है। उन्होंने कहा कि देश ने जब भी मुश्किलों का सामना किया है, तब कांग्रेस पार्टी आगे आई है और देश में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पटोलने कहा कि नागपुर के कार्यक्रम के जरिए बीजेपी की अत्याचारी और अहंकारी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर बदलाव का संदेश दिया जाएगा।

आरएसएस के गढ़ नागपुर में आयोजित होने वाली यह रैली बेहद खास होने वाली है। पार्टी नेताओं का कहना है कि 'हैं तैयार हम' महारैली में लाखों लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। नागपुर से कांग्रेस विधायक नितिन राउत ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी नागपुर से राजनीतिक बिगुल बजाएगी। नागपुर में रैली के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी महासचिवों और सभी प्रदेश प्रभारियों के साथ बैठक भी करेंगे। इस बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia