कांग्रेस ने दिवंगत राजीव त्यागी की पत्नी संगीता त्यागी को साहिबाबाद से दिया टिकट, शुक्रवार को करेंगी नामांकन

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी की 12 अगस्त 2020 को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। उस समय वह एक टीवी चैनल में डिबेट का हिस्सा थे। उसी के फौरन बाद उनको दिल का दौरा पड़ा, परिवार ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

फाइल फोटोः सोशल मीडिया
फाइल फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 41 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें दिवंगत कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी की पत्नी संगीता त्यागी को भी गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट से टिकट मिला है। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

संगीता त्यागी ने बताया कि बुधवार देर रात करीब 12 बजे प्रियंका गांधी ने उनसे फोन पर बात की और चुनाव लड़ने के लिए कहा। उनके कहने पर ही वह चुनाव लड़ने को तैयार हुईं। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को साहिबाबाद सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी की साल 2020 में 12 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। उस समय वह एक टीवी चैनल में डिबेट का हिस्सा थे। उसी के फौरन बाद उनको दिल का दौरा पड़ा, पत्नी और बेटे ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि पति राजीव त्यागी की मौत के बाद संगीता त्यागी ने राजनीति में कोई रुचि नहीं दिखाई थी। वह डीएवी स्कूल की शिक्षिका रही हैं। संगीता त्यागी ने फिलहाल पार्टी के नेताओं की सलाह पर राजनीति में आने का मन बना लिया है।

संगीता त्यागी को टिकट मिलने के बाद कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया कॉर्डिनेटर संजीव सिंह ने कहा, पार्टी के एक एक प्रखर वक्ता राजीव त्यागी के विचारों और कार्यों को आगे लेकर जाने की जिम्मेदारी अब उनकी पत्नी संगीता त्यागी को मिली है। उम्मीद है कि वो बेहतर प्रदर्शन करेंगी।


गौरतलब है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने ये ऐलान किया था कि उनकी पार्टी यूपी में 40 फीसदी महिला उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारेगी जिसके बाद 125 उम्मीदवारों की पहली सूची में 50 महिलाओं को टिकट दिया गया था। इसके बाद गुरुवार को कांग्रेस की ओर से जारी 41 उम्मीदवारों की दूसरी सूची में 16 महिलाओं को टिकट दिया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अब तक 40 फीसदी युवा उम्मीदवार चुनाव में उतारे हैं।

प्रियंका गांधी ने मंगलवार को प्रदेश की जनता से वर्चुअली संवाद करते हुए कहा था कि यूपी विधानसभा चुनाव में रोजगार और शिक्षा ही असली एजेंडे हैं, जिन पर युवाओं को डटे रहना चाहिए और इन्हीं मुद्दों पर की जाने वाली राजनीति को आगे बढ़ाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी उन महिलाओं के हाथ में सत्ता देना चाहती है, जिन्होंने अपने जीवन में संघर्ष किया और जिन पर सत्ता के माध्यम से अत्याचार हुआ। कांग्रेस ने यूपी के उन्नाव की रेप पीड़िता की मां आशा सिंह को उन्नाव सदर से टिकट दिया है। वहीं सोनभद्र में आदिवासियों की आवाज उठाने वाले रामराज कोल को भी उम्मीदवार बनाया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia