'कांग्रेस ने छोटे कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी है', अमेठी से टिकट मिलने पर बोले किशोरी लाल शर्मा

किशोरी लाल शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी का आभारी हूं जिसने इतने छोटे कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी के काबिल समझा।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को अमेठी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। यहां उनका मुकाबला भाजपा की स्मृति ईरानी से होगा। शर्मा ने अमेठी से उम्मीदवार बनाए जाने पर पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस का आभार जताया है।

किशोरी लाल शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "मैं कांग्रेस पार्टी का आभारी हूं जिसने इतने छोटे कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी के काबिल समझा। मैं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का तहे दिल से आभारी रहूंगा।"

उन्होंने आगे कहा कि मैंने 40 साल इस क्षेत्र की सेवा की है और आज भी कर रहा हूं। मेरे लिए खुशी की बात है कि छोटे से कार्यकर्ता को बड़ी इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी, मैं उनका बहुत आभारी हूं। उन्होंने कहा कि भारी मतों से चुनाव जीत कर हम अमेठी सीट को कांग्रेस की झोली में डालेंगे।

बता दें कि किशोरी लाल शर्मा गांधी परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं। इसी कारण उन्हें सोनिया गांधी का प्रतिनिधि भी बनाया गया था। इस परिवार से उनका बहुत पुराना नाता रहा है।

किशोरी लाल शर्मा पंजाब के लुधियाना से ताल्लुक रखते हैं। 1983 के आसपास राजीव गांधी उन्हें पहली बार अमेठी लेकर आए थे। तब से वह यहीं के होकर रह गए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia