UP Election 2022: कांग्रेस ने जारी की 41 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, इन 16 महिलाओं को भी मिला टिकट

कांग्रेस ने यूपी चुनाव के लिए 41 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 16 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। इस सूची में कुल 41 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। कांग्रेस ने 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने का वादा एक बार फिर निभाया है। इस लिस्ट में 16 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया गया है।

कांग्रेस ने जिन सीटों से उम्मीदवारों का ऐलान किया है उसमें कैराना, शामली, थाना भवन, मुजफ्फरनगर, खतौली, सरधना, मेरठ, बागपत, मोदी नगर, धौलाना, डिबई, खुर्जा आदि शामिल है। दूसरी सूची में अलीगढ़ जिले की इगलास, खैर व छर्रा सीट पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। छर्रा से अखिलेश शर्मा, खैर से मोनिका सूर्यवंशी, इगलास से प्रीति धनगर को प्रत्याशी बनाया गया है। इस तरह अलीगढ़ जिले से 2 महिलाओं को उतारा गया है।

यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस पहली लिस्ट और दूसरी लिस्ट को मिलाकर कुल 166 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। इसमें 66 महिलाओं को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया गया है।

पेश है कुछ उम्मीदवारों का परिचय

1.पूनम पंडित

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने बुलंदशहर की स्याना सीट से पूनम पंडित को अपना उम्मीदवार बनाया है। 25 वर्षीय पूनम पंडित राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी रह चुकी हैं। हरियाणवी और यूपी के लहजे में प्रभावी भाषण देने के लिए मशहूर पूनम पंडित तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चले आंदोलन की प्रभावी आवाज रही हैं।

2.संगीता त्यागी

गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट से कांग्रेस ने संगीता त्यागी को उम्मीदवार बनाया है। संगीता त्यागी कांग्रेस के दिवंगत नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे राजीव त्यागी की पत्नी हैं। 12 अगस्त 2020 को कांग्रेस प्रवक्ता राजीव त्यागी का निधन वसुंधरा स्थित आवास पर हार्ट अटैक से हो गया था। उस समय वह एक टीवी चैनल में डिबेट का हिस्सा थे। संगीता त्यागी डीएवी स्कूल की शिक्षिका रही हैं। टीवी डिबेट में बढ़ती हेट स्पीच के मामलों को श्रीमती संगीता त्यागी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल की है।

3.उषा गंगवार

बरेली की नवाबगंज सीट से कांग्रेस पार्टी ने श्रीमती उषा गंगवार को अपना उम्मीदवार बनाया है। वे कई बार जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। महिलाओं से जुड़े मुद्दों को जोरशोर से उठाती हैं। कांग्रेस के 'लड़की हूँ लड़ सकती हूँ' अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने बसपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी जॉइन की थी। अब वह कांग्रेस से चुनाव लड़ेंगी।

4.सिकंदर वाल्मीकि

कांग्रेस ने आगरा छावनी सुरक्षित सीट से वाल्मीकि समाज के सिकंदर वाल्मीकि को टिकट दिया है। सिकंदर वाल्मीकि, वाल्मीकि समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं। विगत दिनों आगरा में हिरासत में लिए गये 31 वर्षीय अरुण वाल्मीकि की पुलिसिया क्रूरता की वजह से की मौत हो गई थी। इसके बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी अरुण वाल्मीकि के परिजनों से मिलने उनके घर गई थीं। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी थी, साथ ही पार्टी की तरफ से हरसंभव सहायता की घोषणा भी की थी।

कांग्रेस पार्टी की तरफ से अरुण बाल्मीकि के परिवार को ₹30 लाख की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई थी। प्रियंका गांधी ने वाल्मीकि समाज से यह वादा किया था कि आप लोगों में से सहमति के साथ जो भी नाम सामने किया जाएगा उसे पार्टी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाएगी। वाल्मीकि समाज ने सिकंदर वाल्मीकि का नाम आगे किया तो कांग्रेस पार्टी ने सिकंदर वाल्मीकि को आगरा कैंट से प्रत्याशी बना दिया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia