कांग्रेस ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप, अगले हफ्ते संसद में मौजूद रहने के लिए कहा

कांग्रेस ने 10 से 12 अगस्त तक लोकसभा और राज्यसभा के अपने सांसदों को व्हिप जारी कर सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर पार्टी के रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा में अपने सभी सांसदों के लिए तीन दिन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों से कहा है कि अगले सप्ताह संसद में होने वाली महत्वपूर्ण चर्चाओं को देखते हुए वे 10, 11 और 12 अगस्त को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मौजूद रहें और कार्यवाही स्थगित होने तक सदन में बने रहें। साथ ही पार्टी के रुख का समर्थन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

तीन दिन सुबह 11 बजे से सदन में मौजूद रहने का निर्देश

कांग्रेस की ओर से जारी व्हिप में कहा गया है कि 10, 11 और 12 अगस्त को "बहुत महत्वपूर्ण मुद्दों" पर चर्चा होगी। ऐसे में सभी कांग्रेस सांसदों के लिए सुबह 11 बजे से सदन की कार्यवाही समाप्त होने तक उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। पार्टी ने अपने सभी सदस्यों से सदन में पार्टी के रुख का समर्थन करने को भी कहा है।


अगले हफ्ते सरकार ला सकती है अहम विधेयक

माना जा रहा है कि सरकार अगले हफ्ते विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को संसद में पारित कराने के लिए पेश कर सकती है। इसी संभावना को देखते हुए कांग्रेस ने पहले से अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है।

संसद का मौजूदा मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था और इसका समापन 13 अगस्त को प्रस्तावित है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए