कांग्रेस का हमला, सीईसी ज्ञानेश कुमार ने 13 करोड़ से अधिक लोगों को मताधिकार से वंचित किया

कांग्रेस के पूर्व सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के पूर्व सदस्य डॉ. रामचंद्र खुंटिया ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने 13 करोड़ 69 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए, जबकि यह संख्या दुनिया के कई देशों की कुल आबादी से अधिक है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर बड़ा आरोप: बिहार कांग्रेस अध्यक्ष बोले- 13 करोड़ से अधिक लोगों का छीना मताधिकार

कांग्रेस का बड़ा दावा, सीईसी ज्ञानेश कुमार ने 13.69 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए

'दुनिया के कई देशों की आबादी से ज्यादा नाम काटे गए', सदाकत आश्रम में गरजे कांग्रेस नेता

राहुल गांधी की अगुवाई में दिल्ली रैली के लिए बिहार से रवाना हुए हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता

बिहार के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने 13 करोड़ से अधिक लोगों को मताधिकार से वंचित किया है और आगे भी करोड़ों लोगों का मताधिकार छीनने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के सबसे बड़े लोकतांत्रिक अधिकार को छीनने के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी देशभर में लड़ाई लड़ रहे हैं।


प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयोजित रैली में शामिल होने के लिए बिहार से हजारों लोग पहुंच चुके हैं, जबकि हजारों अन्य लोगों के वहां पहुंचने की उम्मीद है।

इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के पूर्व सदस्य डॉ. रामचंद्र खुंटिया ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने 13 करोड़ 69 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए, जबकि यह संख्या दुनिया के कई देशों की कुल आबादी से अधिक है।

उन्होंने दावा किया कि दो निर्वाचन आयुक्तों ने 14 बार लिखित रूप से ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोट चोरी की शिकायत की, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। खुंटिया ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के चयन की प्रक्रिया से मनमाने तरीके से भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) को बाहर कर दिया और उनकी जगह एक केंद्रीय मंत्री को शामिल कर लिया।

उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को राष्ट्रपति और प्रधान न्यायाधीश से भी अधिक कानूनी सुरक्षा प्रदान की गई है।


खुंटिया ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का जिक्र करते हुए कहा कि शुरुआत में यह प्रचार किया गया कि इसके जरिए घुसपैठियों की पहचान की जाएगी, लेकिन बाद में कहा गया कि एक भी घुसपैठिए की पहचान नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि देश के युवा बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं से परेशान हैं। वहीं, काम के अवसरों की कमी और महंगाई से मजदूर, किसान, आम लोग तथा छोटे कारोबारी त्रस्त हैं।

उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के आह्वान पर लाखों लोग रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं। खुंटिया ने कहा कि महात्मा बुद्ध और महात्मा गांधी के बाद राहुल गांधी ने भारत में सबसे अधिक पदयात्राएं की हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि देश को राहुल गांधी पर भरोसा है और महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलते हुए उनके नेतृत्व में देश की जनता तानाशाही सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।

संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस की अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिल देव प्रसाद यादव, मीडिया संयोजक असित नाथ तिवारी, प्रवक्ता पंकज यादव और अमित कुमार, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह तथा वैद्यनाथ शर्मा सहित अन्य नेता मौजूद थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए