CEC ज्ञानेश के खिलाफ कांग्रेस का आज हल्ला बोल, ‘INDIA’ ब्लॉक का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च, 6 मेट्रो स्टेशन बंद

INDIA ब्लॉक के नेता ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। मार्च के मद्देनजर दिल्ली के छह मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद रहेंगे और कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

INDIA ब्लॉक के नेता ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे।

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने CJI सूर्य कांत से मुलाकात के लिए समय मांगा था।

मार्च के चलते दिल्ली के छह मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद रहेंगे और कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को INDIA ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने और ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस मामले में भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत से मुलाकात कर अपनी मांगें रखने की कोशिश करेंगे। इस बात की जानकारी राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट के जरिए भी दी थी।

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने CJI सूर्य कांत को पत्र लिखकर सोमवार शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच मुलाकात के लिए समय मांगा था। दोनों नेता इस दौरान एक ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। उनकी प्रमुख मांगों में कथित ‘वोट चोरी’ पर रोक लगाना, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकना और पेपर बैलेट प्रणाली को दोबारा लागू करना शामिल है।

प्रस्तावित मार्च को लेकर कर्नाटक कांग्रेस के नेता सोमवार सुबह 9 बजे कर्नाटक भवन में एकत्रित होंगे। इससे पहले रविवार को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की थी। इंडिया ब्लॉक के मार्च को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

यह विरोध अब केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं है- केसी वेणुगोपाल

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को कहा कि INDIA ब्लॉक का सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित मार्च देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और सिद्धांतों की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से 12 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।

समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में वेणुगोपाल ने कहा कि यह विरोध अब केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि एक आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी लोगों से आगे आने का आह्वान किया है।

वेणुगोपाल ने कहा कि INDIA ब्लॉक मुख्य न्यायाधीश के फैसले का सम्मान करता है। उन्होंने बताया कि CJI ने विपक्षी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने से इनकार कर दिया है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट में याचिका सौंपने के लिए अन्य कानूनी रास्ते खुले हैं।

उन्होंने कहा कि मुलाकात नहीं होने के बावजूद विपक्ष सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने के अपने फैसले पर कायम है।

छह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद

INDIA ब्लॉक के मार्च के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने की घोषणा की है। प्रभावित स्टेशनों में पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड शामिल हैं।

दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी सोमवार को राजधानी के कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। मार्च के दौरान कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जा सकती है और जरूरत के मुताबिक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।

पुलिस ने यात्रियों को रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और एयरपोर्ट जाने के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। साथ ही, जिन लोगों को जरूरी काम नहीं है, उन्हें प्रभावित इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है। ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार रूट डायवर्जन में बदलाव भी संभव है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति के लिए CJP जाएगी पुलिस के पास

इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने रविवार को घोषणा की कि वह पार्टी के अन्य नेताओं के साथ सोमवार सुबह संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाएंगे। पार्टी की योजना जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के लिए पुलिस से तारीख मांगने की है। CJP ने दिल्ली पुलिस को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि उसे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए तारीख दी जाए। पार्टी के मुताबिक, यदि ऐसा नहीं किया गया तो वह एक बार फिर प्रदर्शन का आह्वान करेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए