मसूद अजहर पर प्रतिबंध लगने का श्रेय लेने पर मोदी से सिब्बल का सवाल, क्या पीएम कह सकते हैं आतंकवाद अब खत्म होगा?

कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि पीएम मोदी हर उस चीज का श्रेय ले रहे हैं जो अन्य लोग करते हैं, जबकि वह जो करते हैं उसमें पूरी तरह से विफल होते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी हमें बता सकते हैं कि मसूद अजहर के आतंकवादी घोषित होने के बाद आतंकवाद खत्म होगा?

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

आईएएनएस

google_preferred_badge

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बताएं कि क्या जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा वैश्विक आतंकवादी घोषित करने के बाद से भारत में आतंकवाद खत्म हो जाएगा? उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि आतंकवाद खत्म हो।”

सिब्बल ने पाकिस्तान को 'आतंकवादी देश' घोषित करने की मांग की और कहा कि प्रधानमंत्री को इसके लिए देश से वादा करना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री सिब्बल ने सवाल किया कि मोदी जेईएम प्रमुख को यूनएससी द्वारा वैश्विक आतंकवादी सूची में डालने का 'श्रेय' क्यों ले रहे हैं। सिब्बल ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपनी पार्टी की तरफ से 'माफी' मांगनी चाहिए, क्योंकि यह पूर्व की बीजेपी सरकार थी, जिसने भारतीय एयरलाइंस के विमान आईसी-814 के 1999 में अपरहरण के बाद अजहर को मुक्त किया था और 'पाकिस्तान को सौंपा था।'


मसूद अजहर को यूएनएससी की 1267 प्रतिबंध समिति ने एक मई को वैश्विक आतंकवादी के रूप में सूचीबद्ध किया। सिब्बल ने कहा, “यह मोदी की सफलता कैसे है? यह अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के समर्थन से भारतीय कूटनीति की सफलता है।”

उन्होंने कहा कि 26/11 के बाद 11 दिसंबर 2008 को जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद को कुछ अन्य लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) कमांडरों जैसे जकी-उर रहमान लखवी व मोहम्मद अशरफ के साथ आतंकवादी घोषित किया गया था। सिब्बल ने कहा, “क्या हमने श्रेय लिया? क्या यह (तत्कालीन प्रधानमंत्री) डॉ मनमोहन सिंह की वजह से हुआ? नहीं। यह हमारी अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति की सफलता है।”


सिब्बल ने कहा कि इस सबके बावजूद आतंकवाद जारी रहा, इसके बावजूद की वे (सईद, लखवी और अशरफ) आतंकवादी घोषित हो गए थे। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि आतंकवाद खत्म हो, लेकिन मोदी भी किसी अन्य की तरह देश के लोगों से यह वादा नहीं कर सकते।”

सिब्बल ने मजबूती कहा कि मोदी हर उस चीज का श्रेय ले रहे हैं जो अन्य लोग करते हैं, जबकि वह जो करते हैं उसमें पूरी तरह से विफल होते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, “इस सब के बाद भी क्या मोदी हमें बता सकते हैं कि मसूद अजहर के आतंकवादी घोषित होने के बाद आतंकवाद खत्म होगा?”

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia