सांसद संतोख सिंह के निधन पर शोक में कांग्रेस, राहुल-प्रियंका समेत कई नेताओं ने जताया दुख, बताया पार्टी का मजबूत स्तंभ

पंजाब के फिल्लौर में भारत जोड़ो यात्रा के पहुंचने पर चौधरी संतोख सिंह बेहोश हो गए थे। उन्हें फगवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पंजाब में आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 76 वर्षीय संतोख सिंह चौधरी जालंधर से कांग्रेस के सांसद थे। उनके निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के नेताओं ने गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करते हुए कहा है कि हमारे सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए बड़ा झटका है। दुख की इस घड़ी में मेरा दिल उनके परिवार, दोस्तों और फॉलोअर्स के साथ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

वहीं राहुल गांधी ने दुख जताते हुए कहा कि श्री संतोख सिंह चौधरी जी के अकस्मात निधन से स्तब्ध हूं। वो ज़मीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मज़बूत स्तम्भ थे, जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया। शोकसंतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी संतोख सिंह के निधन पर दुख जताया है। प्रियंका गांधी ने लिखा है "जालंधर सांसद श्री संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मन को भारी दुख पहुंचा। श्री संतोख सिंह जी कांग्रेस विचारधारा के लिए समर्पित नेता व सच्चे जनसेवक थे। उनके निधन से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवदेनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें।

वहीं पार्टी नेता जयराम रमेश ने कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट के माध्यम से कहा है कि जालंधर से 76 वर्षीय कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। यात्रा के कार्यक्रम में कुछ बदलाव होंगे जो जल्द ही साझा किए जाएंगे।

आपको बता दें, पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान आज सुबह कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की पदयात्रा का पंजाब चरण बुधवार को फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद से शुरू हुई थी। फिल्लौर में भारत जोड़ो यात्रा के पहुंचने पर चौधरी संतोख सिंह बेहोश हो गए। उन्हें फगवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई।

चौधरी संतोख सिंह जालंधर के सांसद थे। उनके निधन के बाद भारत जोड़ो यात्रा रोक दी गई है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि राहुल गांधी भी यात्रा को रोककर चौधरी संतोख सिंह को अस्पताल देखने पहुंचे थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia