महाराष्ट्र से कांग्रेस सांसद सुरेश धानोरकर का निधन, दिल्ली के मेदांता अस्पताल में थे भर्ती, राहुल गांधी ने जताया दुख

चंद्रपुर का प्रतिनिधित्व करने वाले 47 वर्षीय धानोरकर कुछ समय से बीमार थे और उन्हें नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने मंगलवार तड़के करीब 3.30 बजे अंतिम सांस ली।उनकी निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख जताया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

महाराष्ट्र से कांग्रेस सांसद सुरेश उर्फ बालू धानोरकर निधन हो गया। पार्टी पदाधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चंद्रपुर का प्रतिनिधित्व करने वाले 47 वर्षीय धानोरकर कुछ समय से बीमार थे और उन्हें नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने मंगलवार तड़के करीब 3.30 बजे अंतिम सांस ली।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंधे ने कहा कि अंतिम दर्शन के लिए धानोरकर का पार्थिव शरीर आज दोपहर उनके पैतृक गांव वरोरा लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार बुधवार को पास के वरोरा श्मशान घाट में किया जाएगा।

बता दें कि धानोरकर को शुक्रवार को किडनी स्टोन सर्जरी के लिए नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें नई दिल्ली के अस्पताल ले जाया गया, जहां आज तड़के उनका निधन हो गया। राज्य और अन्य राज्यों के शीर्ष राज्य कांग्रेस नेताओं ने धानोरकर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।


कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट करके उनके निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चंद्रपुर, महाराष्ट्र से सांसद और लोकप्रिय कांग्रेस नेता सुरेश नारायण धानोरकर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका देहांत कांग्रेस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उनकी धर्मपत्नी, श्रीमती प्रतिभा धानोरकर और समस्त शोलाकुल परिवार को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। वो हमारी स्मृतियों में हमेशा जीवित रहेंगे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia