कांग्रेस ने पेश किया तिरंगे को समर्पित गीत, पीएम मोदी, अमित शाह पर साधा निशाना

आज कांग्रेस ने एक वीडियो शेयर किया जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो की शुरूआत भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के ऐतिहासिक भाषण ‘ट्राइस्ट विथ डेस्टिनी’ से होती है। वीडियो में तिरंगे को समर्पित एक गीत पेश किया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक अजीब वाकया हुआ। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यालय में झंडा फहराते तिरंगे को नीचे गिरा दिया। कांग्रेस ने इस घटना का वीडियो ट्वीट किया और अमित शाह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो झंडा नहीं संभाल सकते वे देश क्या संभालेंगे।

कांग्रेस ने आगे कहा, “50 साल से ज्यादा देश के तिरंगे का तिरस्कार करने वालों ने अगर ये नहीं किया होता तो शायद आज तिरंगे का ऐसा अपमान न होता। दूसरों को देशभक्ति का सर्टिफिकेट देने वालों को राष्ट्रगान का तौर-तरीका तक पता नहीं।”

आज सुबह कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो की शुरूआत भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के ऐतिहासिक भाषण ‘ट्राइस्ट विथ डेस्टिनी’ से होती है। वीडियो में तिरंगे को समर्पित एक गीत पेश किया गया है।

‘मैं तिरंगा हूं’ नाम के इस वीडियो और गीत की प्रतिक्रिया में लोगों ने यह गीत गाते हुए अपना-अपना वीडियो बनाकर शेयर किया। इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस ने कहा, “जब शब्द चूक जाते हैं तो संगीत साथ देता है। तिरंगे की गरिमा और शक्ति हमारे महान देश के मूल्यों - एकता, समानता और स्वतंत्रता को परिलक्षित करती है।”

उधर कांग्रेस ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से दिए गए प्रधानमंत्री मोदी के भाषण को ‘खोखला’ करार देते हुए कहा कि बेहतर होता, अगर मोदी अपने इस ‘आखिरी भाषण’ में राफेल, अर्थव्यवस्था की स्थिति और नफरत के महौल पर सच बोलते।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, “प्रधानमंत्री न राफेल पर बोले, न व्यापम पर बोले, न छत्तीसगढ़ के पीडीएस घोटाले पर बोले। देश में नफरत का माहौल फैलाया जा रहा है, उस पर भी वह कुछ नहीं बोले। चीन और पाकिस्तान आंखे दिखा रहे हैं, इस पर वह कुछ नहीं बोले।’’

उन्होंने कहा, ‘‘काश, मोदी जी अपने भाषण में सच्चाई बोल पाते। इस देश में अच्छे दिन आए नहीं, लेकिन देश को सच्चे दिन का इंतजार है। ये सच्चे दिन उस वक्त आएंगे जब मोदी जी जाएंगे।’’

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 15 Aug 2018, 3:08 PM