राहुल गांधी ने कांग्रेस के सांगठनिक ढांचे में किए फेरबदल, मोतीलाल वोरा की जगह अहमद पटेल होंगे कोषाध्यक्ष

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के सांगठनिक ढांचे में बदलाव किया है। उन्होंने चार नियुक्तियां की हैं। अहमद पटेल को पार्टी का कोषाध्यक्ष और आनंद शर्मा को कांग्रेस विदेश प्रकोष्ठ के प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी संगठन में बदलाव किया है। अहमद पटेल को पार्टी का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। साल 2001 से अहमद पटेल सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव हैं। फिलहाल वे गुजरात से राज्यसभा के सांसद हैं। वे भरूच लोकसभा सीट से 3 बार सांसद रह चुके हैं। इसके बाद वे 5वीं बार राज्यसभा के सदस्य चुने गए हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा दो दशक से कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बताया जा रहा है कि बढ़ती उम्र की वजह से उन्होंने इस पद को छोड़ा है। 1996 में सीताराम केसरी के पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद मोतीलाल वोरा को पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया गया था। तभी से वे पार्टी के कोषाध्यक्ष थे।

राहुल गांधी ने ये नियुक्तियां की हैं:

  • अहमद पटेल, कोषाध्यक्ष
  • आनंद शर्मा, कांग्रेस पार्टी के विदेश मामलों के अध्यक्ष
  • लुइजिन्हो फलेरियो, पूर्वोत्तर राज्यों का महासचिव प्रभारी
  • मीरा कुमार, कांग्रेस कार्यकारिणी समिति की स्थायी आमंत्रित सदस्य

वहीं कांग्रेस नेता आनंद शर्मा को कांग्रेस विदेश प्रकोष्ठ के प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है। आनंद शर्मा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं। वे मनमोहन सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रह चुके हैं।

मीरा को कांग्रेस ने पार्टी का कार्यकारिणी समिति का स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। मीरा कुमार कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में से हैं। वे लोकसभा में बिहार के सासाराम लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। मीरा कुमार लोकसभा की पहली महिला स्पीकर के रूप में 3 जून, 2009 को निर्विरोध चुनी गई थीं। उन्होंने 2017 के राष्ट्रपति चुनाव में यूपीए की उम्मीदवार के रूप में रामनाथ कोविंद के खिलाफ चुनाव लड़ा था।

लुइजिन्हो फलेरियो को पूर्वोत्तर राज्यों का महासचिव प्रभारी बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सीपी जोशी को पूर्वोत्तर प्रभारी महासचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 21 Aug 2018, 4:37 PM
/* */