कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे आज लखनऊ में ‘संविधान रक्षा’ सम्मेलन में होंगे शामिल, प्रशासन ने पदयात्रा की अनुमति नहीं दी
कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि जब बीजेपी के अध्यक्ष लखनऊ आते हैं तो उन्हें हर जगह जाने की अनुमति दी जाती है, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यक्रम पर रोक लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अब हम यह कार्यक्रम कांग्रेस कार्यालय में आयोजित करेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे आज लखनऊ में कांग्रेस के ‘संविधान रक्षा’ सम्मेलन में शामिल होंगे
प्रशासन ने संविधान रक्षा के मुद्दे पर मार्च निकालने की अनुमति देने से इनकार किया
तनुज पुनिया ने प्रशासन पर विपक्षी दल के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया
कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता खड़गे के स्वागत और कार्यक्रम की तैयारी में जुटे
कांग्रेस गुरुवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘संविधान रक्षा’ सम्मेलन और मार्च आयोजित करने जा रही है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल होंगे। हालांकि स्थानीय प्रशासन ने संविधान रक्षा के मुद्दे पर पार्टी के प्रस्तावित मार्च को निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता खड़गे के स्वागत और कार्यक्रम के आयोजन में पूरी ताकत से जुटे हुए हैं।
कांग्रेस प्रभारी राजेंद्रपाल गौतम ने जारी किया संदेश
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्रपाल गौतम ने भी सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा कि तैयारी बहुत जबरदस्त है, कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह है। चूंकि यह उत्सव है, 26 नवंबर 1949 को डॉ. बाबा साहब अंबेडकर जी द्वारा बनाए गए संविधान को भारत की संविधान सभा ने और भारत की जनता ने अधिनियमित और अंगीकृत किया था। यह दिन हमारे लिए, शायद भारत के लिए सबसे बड़ा त्योहार भी है।
यहां कांग्रेस मुख्यालय में उत्साह का माहौल है, हमारे हजारों की मात्रा में कार्यकर्ता बड़ी खुशी के साथ इसमें शरीक हो रहे हैं। हम सबके लिए गर्व की बात है कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय मल्लिकार्जुन खड़गे जी ऐसे एक खूबसूरत अवसर पर संविधान रक्षा मार्च के लिए यहां आ रहे हैं।
तनुज पुनिया ने प्रशासन पर लगाया आरोप
हालांकि, प्रदेश कांग्रेस की तैयारियों के बावजूद स्थानीय प्रशासन ने अब तक संविधान रक्षा के मुद्दे पर पार्टी के प्रस्तावित मार्च को अनुमति नहीं दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य पीएल पुनिया ने बुधवार को लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। पीएल पुनिया ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष गुरुवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे और इस दौरान पार्टी के सभी कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे।
इस मौके पर उनके बेटे और पार्टी के प्रदेश महासचिव तनुज पुनिया भी मौजूद थे। तनुज पुनिया ने कहा कि पार्टी ने संविधान की रक्षा के मुद्दे पर पदयात्रा निकालने की अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र को संवेदनशील बताते हुए इजाजत नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ आते हैं तो उन्हें हर जगह जाने की अनुमति दी जाती है, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यक्रम पर रोक लगाई जा रही है। तनुज ने कहा, ‘‘अब हम यह कार्यक्रम कांग्रेस कार्यालय में आयोजित करेंगे।’’
खड़गे एयरपोर्ट से सीधे आंबेडकर महासभा परिसर जाएंगे
इस बीच, आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष लालजी प्रसाद निर्मल ने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने उन्हें जानकारी दी कि खड़गे हवाई अड्डे से सीधे आंबेडकर महासभा परिसर जाएंगे, जहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की अस्थियों वाले कलश रखे हुए हैं। निर्मल ने कहा कि खड़गे लंबे अरसे बाद संविधान दिवस पर इस परिसर में आने वाले कांग्रेस के पहले बड़े नेता होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस परिसर में आ चुके हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2017 में पदभार संभालने के बाद से अब तक 22 बार यहां आ चुके हैं। निर्मल ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती अब तक इस परिसर में नहीं आई हैं जबकि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव यहां आ चुके हैं।
देशभर में ‘संविधान रक्षा’ मार्च निकालने की योजना
कांग्रेस ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में ‘संविधान रक्षा’ मार्च निकालने की योजना बनाई है। इन पदयात्राओं के दौरान बाबा साहेब आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर संविधान की प्रस्तावना पढ़ने और संविधान की रक्षा की शपथ लेने का कार्यक्रम है।
पार्टी ने बीजेपी पर मतदाता सूची में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए ‘वोट चोरी’ के खिलाफ अपना अभियान तेज करने की भी योजना बनाई है। सूत्रों ने बताया कि इसके तहत ‘वोट रक्षक’ अभियान चलाकर कार्यकर्ता मतदान केंद्रों पर जाकर सूची से हटाए गए मतदाताओं की पहचान करेंगे और उनके मतदान के अधिकार बहाल कराने में मदद करेंगे।
गुरुवार के दिन लखनऊ में कई दलों के कार्यक्रम
खड़गे का दौरा गुरुवार शाम पांच बजे तक समाप्त होने की संभावना है। इसी दिन लखनऊ में असदुद्दीन ओवैसी तथा चंद्रशेखर आजाद की पहली संयुक्त राजनीतिक रैली भी प्रस्तावित है।वहीं, समाजवादी पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेगी। इसके अलावा बीजेपी की भी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अहम बैठक होने की संभावना है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
