कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव आज, 40 पोलिंग स्टेशन के 68 बूथ पर डाले जाएंगे वोट, खड़गे-थरूर में मुकाबला

सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जहां दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में अपना वोट डालेंगे, वहीं राहुल गांधी, 40 अन्य भारत यात्रियों के साथ बल्लारी के संगनाकल्लू में भारत जोड़ो यात्रा के कैंप स्थल पर मतदान करेंगे।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के नए अध्यक्ष के लिए आज चुनाव है, जिसके लिए 40 पोलिंग स्टेशन के 68 पोलिंग बूथ पर देश भर के 9,800 पीसीसी डेलीगेट मतदान करेंगे। मतदान को लेकर सभी तैयारी कर ली गई है। चुनाव में मुकाबला वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच है।

देश भर में बने बूथों पर मतदान सुबह 10.00 बजे से साम 4.00 बजे तक होगा। फिर मतदान के बाद सभी मतपेटियों को सील किया जाएगा और उसके बाद उन्हें दिल्ली लाया जाएगा। फिर 19 अक्टूबर को मतगणना होगी और उसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे, जिसमें कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।

चुनाव के लिए दिल्ली में दो पोलिंग सेंटर बनाए गए हैं। इनमें से एक दिल्ली प्रदेश मुख्यालय में तो दूसरा कांग्रेस मुख्यालय पर बनाया गया है। डीपीसीसी में दो पोलिंग बूथ बने हैं जहां करीब 280 वोटर्स मतदान करेंगे। इसके साथ ही वर्किंग कमेटी के सदस्य कांग्रेस मुख्यालय में वोट डालेंगे। यहीं पर सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह अपना वोट डालेंगे।

वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के कैंप स्थल पर बनाए गए पोलिंग बूथ में अपना वोट डालेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कल अपना वोट कहां डालेंगे, इसे लेकर सवाल पूछे जा रहे हैं। कुछ भी अनुमान नहीं लगाया जाना चाहिए। वह लगभग 40 अन्य भारत यात्री, जो पीसीसी डेलिगेट्स हैं, के साथ बल्लारी के संगनाकल्लू में भारत जोड़ो यात्रा के कैंप स्थल पर मतदान करेंगे।


चुनाव के दौरान सुबह 10 बजे से जो जिस राज्य से डेलीगेट है, उसे उसी राज्य के कांग्रेस मुख्यालय में जाकर मतदान करना होगा। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के चैयरमैन मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है। मतदान केंद्रों पर पीआरओ और एपीआरओ की पैनी नजर रहेगी।

मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि मतदान गुप्त प्रक्रिया से होगा। उन्होंने मतदाताओं को मतपत्र की गोपनीयता का आश्वासन दिया है। मतगणना तक मतदान के लिए मानक प्रोटोकॉल जारी करते हुए मिस्त्री ने कहा कि कागजों पर कोई नंबरिंग नहीं है और विवरण के साथ केवल काउंटरफॉइल चुनाव प्राधिकरण के पास रखा जाएगा। बैलेट बॉक्स को चुनाव एजेंटों के सामने सील किया जाएगा। मतगणना से पहले, सभी मतपत्रों को मिलाया जाएगा ताकि किसी को पता न चले कि किस उम्मीदवार को किस राज्य विशेष से कितने वोट मिले हैं।

कांग्रेस पार्टी में यह चुनाव करीब 22 साल बाद हो रहे हैं। इससे पहले सोनिया गांधी बनाम जितेंद्र प्रसाद के बीच मुकाबला हुआ था, जिसे सोनिया ने आसानी से जीत लिया था। अबकी बार गांधी परिवार सक्रिय राजनीति में रहते हुए अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ रहा। इससे पहले 2017 में राहुल गांधी दिसम्बर महीने में निर्विरोध अध्यक्ष बने थे।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */